सगाई के बाद अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी, एक करोड़ की रंगदारी मांगने का आरोप, थाने में मुकदमा दर्ज
कौशांबी । सगाई के बाद युवती का अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता के पिता की तहरीर पर मंझनपुर कोतवाली पुलिस ने आरोपी युवक, उसके माता-पिता और बहन समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मंझनपुर क्षेत्र की रहने वाली युवती की सगाई 9 जून को प्रयागराज के जॉर्ज टाउन स्थित नवीन ग्रीन अपार्टमेंट, केपी कॉलेज के सामने रहने वाले उत्कर्ष अग्रवाल से हुई थी। शिकायत के अनुसार सगाई में पांच लाख रुपये नकद, एक अंगूठी, एक तोला सोना तथा करीब 70 हजार रुपये अन्य खर्च के रूप में दिए गए थे। शादी 8 फरवरी को करीब 25 लाख रुपये खर्च में तय थी।
आरोप है कि सगाई के कुछ समय बाद युवक ने युवती से मोबाइल पर बातचीत शुरू की और धीरे-धीरे बहला-फुसलाकर निजी वीडियो बना लिया। बाद में उसी वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर एक करोड़ रुपये की मांग करने लगा। रकम देने से इनकार करने पर सगाई तोड़ने और युवती को बदनाम करने की धमकी दी गई। आरोप यह भी है कि युवक की बहन ने भी फोन कर वीडियो वायरल करने की धमकी दी।
पीड़िता पक्ष का कहना है कि जब वे आरोपियों के घर शिकायत लेकर पहुंचे तो गाली-गलौज कर अपमानित किया गया और शादी में एक करोड़ रुपये न देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई।
इस मामले में युवती के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी युवक उत्कर्ष अग्रवाल, उसके पिता शोभित अग्रवाल उर्फ नाटे, मां शिप्रा अग्रवाल उर्फ पूजा तथा बहन नियति अग्रवाल के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। सीओ मंझनपुर शिवांक सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है, जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
अमरनाथ झा पत्रकार – 9415255415
