कौशाम्बी मे महिला के प्लाट पर दबंगों का हमला, तोड़फोड़ व जान से मारने की धमकी—112 पर दी सूचना, कार्रवाई की मांग, एससी/एसटी आयोग सदस्य जितेन्द्र कुमार करा रहे हस्तक्षेप

0
Kaushambi voice

👉 कौशाम्बी में महिला के प्लाट पर दबंगों का हमला ,पिलर तोड़कर लिंटर तक क्षतिग्रस्त किया

👉 लेबर को धमकाकर काम रुकवाया, सरिया–रस्सी चोरी , पीड़िता ने दी थाने में तहरीर 

👉 राजा बाबू सहित कई लोगों पर मारपीट व जान से मारने की धमकी का आरोप

👉 112 पर सूचना, पीड़िता बोली—30 साल से कब्जा कर फैला रहे आतंक, FIR दर्ज कर सुरक्षा देने की मांग पर पुलिस से कार्रवाई की अपील

कौशाम्बी। मंझनपुर थाना क्षेत्र के टेवा गांव में एक महिला के प्लाट पर दबंगों द्वारा लगातार दबाव, तोड़फोड़ और धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता कौशल्या देवी केसकर ने थाना प्रभारी को दिए प्रार्थना-पत्र में आरोप लगाया कि 16 नवंबर 2025 को जब वह अपने प्लाट पर पहुंचीं, तो विवेक समेत तीन लोग बाइक पर बैठे लेबरों को धमका रहे थे कि “अगर काम करोगे तो अंजाम बुरा होगा।”

पीड़िता के अनुसार, मौके पर जाकर देखा कि पिछले दिन बनाए गए पिलर व लिंटर को तोड़कर नुकसान पहुंचाया गया है। यह तोड़फोड़ रीता पत्नी रोशन, अंजली पत्नी अरविंद उर्फ बबलू, माया पत्नी गोपाल तथा अन्य महिलाओं द्वारा की गई। आरोप है कि यह समूह पहले भी गाली–गलौज कर चुका है और पिलर की सरिया तोड़कर गिरा चुका है।

कौशल्या देवी ने बताया कि घटना के दौरान राजा बाबू उर्फ प्रशांत पुत्र शैलेन्द्र भी मौके पर मौजूद था, जिसने भीड़ को उकसाते हुए कहा—“इनको मारो, सब तोड़ डालो, जो होगा मैं देख लूंगा।” पीड़िता का आरोप है कि उसके साथ धक्का-मुक्की कर गिराया गया और जान से मारने की धमकी दी गई।

पीड़िता के मुताबिक, पिछले दिनों पुलिस स्थगन आदेश दिखाए जाने पर काम रुकवा चुकी थी, लेकिन उसके बाद दबंगों ने फिर मौके पर जाकर पिलर तोड़ दिया, रस्सी व सरिया के दो टुकड़े चोरी कर लिए, और धमकी दी कि “यहां रहने नहीं देंगे, सब बर्बाद कर देंगे।”

महिला का आरोप है कि दबंगों का यह समूह 30 वर्षों से उसके हिस्से की जमीन और मकान पर कब्जा किए है तथा जब भी वह अपना हक मांगती है, यह लोग गैंग बनाकर उसे डराते–धमकाते हैं।

पीड़िता ने बताया कि उसने 112 नंबर पर 10:16 बजे कॉल कर पुलिस को सूचना दी। इसी बीच लेबरों को भी कथित तौर पर विवेक, बबलू, अंजली और उनके परिवार वालों ने घर जाकर धमकाया कि “अगर उसके यहां काम करोगे तो मारे जाओगे और फर्जी मुकदमे में फंसा देंगे।”

पीड़िता ने आरोप लगाया कि घटना में बबलू के ससुर शैलेन्द्र व राजा बाबू की साजिश शामिल है। राजा बाबू ने जबरन वीडियो बनाते हुए उसे वायरल करने की धमकी भी दी।

कौशल्या देवी ने पुलिस से तोड़फोड़, चोरी, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी, आपराधिक षड्यंत्र और अवैध कब्जे जैसे गंभीर आरोपों पर तत्काल मुकदमा दर्ज कर जान–माल की सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

मुख्य ख़बरें