थाना सैनी अंतर्गत सिराथू में महिला की गला रेतकर हत्या की घटना का खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में अभियुक्त घायल होकर गिरफ्तार
कौशाम्बी में पुलिस मुठभेड़!
सिराथू में महिला की हत्या का आरोपी बलबीर सिंह पटेल मुठभेड़ में घायल होकर गिरफ्तार।
पुलिस ने बरामद किया तमंचा, चाकू और मोटरसाइकिल ,प्रेम प्रसंग के चलते की थी अंजली पटेल की गला रेतकर हत्या।
कौशाम्बी। थाना सैनी क्षेत्र के सिराथू कस्बे में 8 अक्टूबर को हुई महिला हत्या कांड का पुलिस ने आज पर्दाफाश कर दिया। महिला की गला रेतकर हत्या करने वाला अभियुक्त बलवीर सिंह पटेल उर्फ बलबीर पुत्र विजय बहादुर निवासी गरीब का पुरवा थाना कोखराज को शुक्रवार सुबह पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान अभियुक्त पुलिस की गोली से घायल हुआ, जिसे इलाज के लिए जिला अस्पताल मंझनपुर भेजा गया है। 
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 8 अक्टूबर की शाम सिराथू निवासी श्रवण कुमार पटेल ने पुलिस को सूचना दी थी कि उनकी भाभी अंजली पटेल पत्नी दिलीप पटेल की घर के अंदर गला रेतकर हत्या कर दी गई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने तुरंत टीमें गठित कर अभियुक्त की तलाश शुरू कराई।
आज सुबह मुखबिर की सटीक सूचना पर थाना सैनी पुलिस और एसओजी टीम ने सयारा गांव के पास घेराबंदी की। इस दौरान अभियुक्त ने पुलिस पर फायर किया, जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से वह घायल हो गया।
पुलिस ने मौके से हत्या में प्रयुक्त चाकू (आलाकत्ल), मृतका का मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल, अवैध तमंचा 315 बोर और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं।
पूछताछ में बलवीर ने बताया कि उसकी मृतका अंजली पटेल से पहले विवाह तय हुआ था, लेकिन रिश्ता टूट गया था। इसके बाद भी दोनों के बीच प्रेम संबंध बने रहे। अंजली की करीब पांच माह पहले शादी हो गई थी, लेकिन वह लगातार उससे संपर्क में रहती थी और मिलने व अपने साथ ले चलने का दबाव बना रही थी। इसी तनाव और नाराजगी में उसने 8 अक्टूबर को चाकू से गला रेतकर उसकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।
पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि महिला हत्या कांड का सफल अनावरण पुलिस की सजगता और त्वरित कार्रवाई का परिणाम है। घायल अभियुक्त से विस्तृत पूछताछ की जा रही है और उसे जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
— रिपोर्ट : अमरनाथ झा पत्रकार -8318977396
