फतेहपुर में हत्याकांड से दहशत, एक की मौत, दो गंभीर, पटेल संगठनों का आंदोलन तेज , विधायक पल्लवी पटेल का प्रशासन पर हमला, बाइक से चकमा देकर पहुंचीं पीड़ित परिवार के घर, इलाके में बढ़ा तनाव, पुलिस पर पक्षपात के आरोप
👉 अजरौली-धाता गांव में 28अगस्त की देर रात हत्याकांड से दहला इलाका। एक ही परिवार के तीन लोगों पर फरसे से हमला, 65 वर्षीय बुजुर्ग की मौत, दो गंभीर।
👉 न्याय की मांग पर पटेल संगठनों का आंदोलन, पुलिस और कार्यकर्ताओं में तनाव।
👉 विधायक पल्लवी पटेल बाइक से चकमा देकर पहुंचीं पीड़ित परिवार के घर।
👉 पल्लवी पटेल ने प्रशासन पर लापरवाही और सीओ पर आरोपी पक्ष का बचाव करने का लगाया आरोप।
फतेहपुर। फतेहपुर जिले अजरौली-धाता में हत्याकांड से दहला इलाका। एक ही परिवार के सो रहे 3 लोगों पर फरसे से हमला, एक की मौत, 2 गंभीर। न्याय की मांग पर पटेल संगठनों का आंदोलन, विधायक पल्लवी पटेल का प्रशासन पर हमला, इलाके में तनाव ।
फतेहपुर/अजरौली-धाता। जिले के धाता कोतवाली क्षेत्र के अजरौली पल्लावां गांव में 28 अगस्त की देर रात हुए क्रूर हत्याकांड ने पूरे इलाके को दहला दिया। शराब के नशे में धुत श्यामजी पांडेय ने कुल्हाड़ी से बुजुर्ग केशपाल पटेल (65) पर ताबड़तोड़ हमला कर मौत के घाट उतार दिया। शोर सुनकर बचाव के लिए पहुंचे वीरभान पटेल और रामलखन पटेल भी गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके आंख और जबड़े पर गहरी चोटें आई हैं। घायलों का इलाज फिलहाल फतेहपुर सदर अस्पताल में जारी है, लेकिन परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में उन्हें उचित सुविधाएं नहीं मिल रहीं।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की है। इसके बावजूद न्याय में हो रही देरी से नाराज पटेल संगठनों ने विशाल आंदोलन का ऐलान किया। सरदार सेना और पटेल चेतना मंच के कार्यकर्ता सैकड़ों वाहनों के साथ अजरौली गांव की ओर रवाना हो गए। इस मौके पर रमेश पटेल (प्रभारी बुंदेलखंड), प्रीतम पटेल (मंडल अध्यक्ष प्रयागराज), विनय सिंह पटेल (सदस्य जिलापंचायत), रविंद्र प्रताप सिंह पटेल (प्रदेश सदस्य बुंदेलखंड) और विवेक सिंह पटेल सहित कई प्रमुख नेता मौजूद रहे।
रास्ते में पुलिस ने जत्थे को रोकने की कोशिश की, जिससे माहौल गरमा गया। कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाया और चेतावनी दी कि यदि दोषी को कड़ी सजा नहीं मिली, तो प्रदेशव्यापी आंदोलन छेड़ा जाएगा। पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच कई बार तीखी बहस और तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
विधायक पल्लवी पटेल का प्रशासन पर बड़ा हमला
घटना की जानकारी मिलते ही सिराथू विधायक पल्लवी पटेल बाइक से अजरौली पल्लावा पहुंचीं। उन्हें रोकने के लिए पुलिस ने रास्ते में कड़ा पहरा लगाया था, लेकिन पल्लवी पटेल पुलिस को चकमा देकर सीधे पीड़ित परिवार के घर पहुंचीं।
मौके पर पहुंचकर पल्लवी पटेल ने प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस की लापरवाही पर कड़ी नाराज़गी जाहिर की। उन्होंने सवाल उठाया कि “तीन घरों के परिवार पर जानलेवा हमला हुआ, एक की मौत हुई, दो लोग गंभीर हालत में हैं, लेकिन प्रशासन ने अब तक सुरक्षा व्यवस्था क्यों नहीं की?”
उन्होंने देर से पहुंचे एसडीएम और सरकारी कर्मचारियों की क्लास भी लगाई। पल्लवी पटेल ने एसडीएम से कहा कि उन्होंने अब तक शांति व्यवस्था बनाए रखने और पीड़ित परिवार की सुरक्षा के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए।
एसपी से फोन पर बात करते हुए उन्होंने कहा —
“आप अपनी मोरल ड्यूटी पूरी नहीं कर रहे हैं, लेकिन मैं अपनी ड्यूटी निभा रही हूं। इस मुद्दे को मैं संगठन के मंच पर भी उठाऊंगी।”
सीओ पर आरोपी पक्ष का पक्ष लेने का आरोप
पल्लवी पटेल ने पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सीओ आरोपी पक्ष का बचाव कर रहे हैं। उन्होंने कहा —
“सीओ कैसे कह सकते हैं कि आरोपी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है? यह जानने का अधिकार जांच एजेंसियों का है, न कि पुलिस अफसरों का। यह मामला गंभीर है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।”
दलितों और पिछड़ों पर हो रहे अत्याचार का मुद्दा उठाया
पल्लवी पटेल ने इस मौके पर प्रदेश में दलितों और पिछड़ों पर हो रहे अत्याचारों को भी मुद्दा बनाया। उन्होंने कहा कि
“प्रदेश में पिछड़ों और दलितों पर अत्याचार की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन सरकार और प्रशासन इस पर आंख मूंदे बैठा है। सिराथू तहसील के सैनी कोतवाली के लौंहदा गांव में पाल समाज की लड़की के साथ हुए अत्याचार मामले में आज तक न्याय नहीं मिला है। यह दर्शाता है कि प्रशासन कमजोर तबके के साथ न्याय नहीं कर रहा।”
इलाके में तनाव, सुरक्षा बढ़ी
पटेल संगठनों की सक्रियता, पल्लवी पटेल की मौजूदगी और आंदोलन की चेतावनी के बाद इलाके में तनाव बढ़ गया है। स्थानीय प्रशासन ने भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है। अधिकारी दावा कर रहे हैं कि घटना की निष्पक्ष जांच की जाएगी और दोषियों को सख्त सजा दिलाई जाए।
अमरनाथ झा पत्रकार – 8318977396

