अजरौली-धाता फतेहपुर हत्याकांड: सो रहे 3 लोगों पर फरसे से हमला,एक की मौत 2 गम्भीर,न्याय की मांग पर पटेल संगठनों का आंदोलन, इलाके में तनाव

0
Kaushambi voice

👉 बुजुर्ग पर कुल्हाड़ी से हमला, मौके पर मौत, दो अन्य गंभीर रूप से घायल, फतेहपुर जिला अस्पताल में भर्ती।

👉 पुलिस ने की एक आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी,पटेल संगठनों ने न्याय की मांग को लेकर आंदोलन शुरू किया।

👉 रास्ते में पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तनाव ,नेताओं ने पीड़ित परिवार का हौसला बढ़ाने और प्रशासन पर दबाव बनाने का आह्वान किया।

फतेहपुर/अजरौली-धाता। जिले के धाता कोतवाली अंतर्गत अजरौली पल्लावां गांव में मंगलवार देर रात हुई क्रूर हत्या ने पूरे इलाके को दहला दिया है। शराब के नशे में धुत श्यामजी पांडेय ने कुल्हाड़ी से बुजुर्ग केशपाल पटेल (65) पर ताबड़तोड़ हमला कर मौत के घाट उतार दिया। बचाव में दौड़े वीरभान पटेल और रामलखन पटेल भी घायल हुए और उनकी आंख तथा जबड़ा गंभीर रूप से फट गया। घायलों का इलाज फतेहपुर सदर अस्पताल में जारी है, लेकिन परिजनों का आरोप है कि उन्हें अस्पताल में उचित सुविधाएं नहीं मिल रही।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या और गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की। इसके बावजूद देरी के चलते पटेल संगठनों ने न्याय की मांग को लेकर विशाल आंदोलन का ऐलान किया। सरदार सेना और पटेल चेतना मंच के कार्यकर्ता सैकड़ों वाहनों के साथ अजरौली गांव के लिए रवाना हुए। इस मौके पर रमेश पटेल (प्रभारी बुंदेलखंड), प्रीतम पटेल (मण्डल अध्यक्ष प्रयागराज), विनय सिंह पटेल (सदस्य जिलापंचायत), रविंद्र प्रताप सिंह पटेल (प्रदेश सदस्य बुंदेलखंड) और विवेक सिंह पटेल सहित कई नेता उपस्थित थे।

रास्ते में पुलिस ने जत्थे को रोक दिया, जिससे माहौल गर्म हो गया। कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाया और चेतावनी दी कि यदि दोषी को तुरंत कड़ी सजा नहीं मिली, तो प्रदेश भर में आंदोलन तेज किया जाएगा। दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस और तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।

पटेल संगठनों का कहना है कि उनका उद्देश्य घायलों का बेहतर इलाज सुनिश्चित करना, पीड़ित परिवार का हौसला बढ़ाना और आरोपी को न्याय दिलाना है। स्थानीय प्रशासन ने जांच का भरोसा दिया, लेकिन आंदोलन के चलते इलाके में तनाव और सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है।

यह हत्याकांड अब पूरे पटेल समाज के लिए न्याय की लड़ाई बन गया है, और लोग दोषियों के खिलाफ त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

अमरनाथ झा पत्रकार – 8318977396

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

मुख्य ख़बरें