प्रयागराज नगर निगम में दलित महिला कर्मचारी के उत्पीड़न का मामला, कर अधीक्षक राकेश कुमार पर गंभीर आरोप, कार्रवाई से अब तक परहेज़
👉 नगर निगम प्रयागराज में दलित महिला कर्मचारी का हो रहा उत्पीड़न । जोन-6 में तैनात महिला ने कर अधीक्षक राकेश कुमार पर लगाए गंभीर आरोप ।
👉 गलत फाइलों पर दबाव, अपशब्द और मानसिक प्रताड़ना का आरोप । शिकायत के बावजूद आरोपी ने खुद ही आईजीआरएस पर अपलोड की जांच रिपोर्ट ।
👉 नगर आयुक्त और महिला सेल भी चुप, न्याय के लिए भटक रही पीड़िता । पीड़िता ने राज्य महिला आयोग और न्यायालय का रुख करने की किया तैयारी ।
प्रयागराज, 29 जुलाई । प्रयागराज नगर निगम के जोन-6 में कार्यरत एक दलित महिला कर्मचारी द्वारा कर अधीक्षक राकेश कुमार के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए गए हैं। महिला कर्मी का कहना है कि कर अधीक्षक द्वारा उसे लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है, साथ ही उस पर नियमविरुद्ध फाइलों को पारित करने का दबाव बनाया जाता है। मामले की शिकायत मुख्यमंत्री, प्रमुख सचिव और महिला आयोग तक की गई, परंतु अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हो सकी है।
पीड़िता का आरोप है कि जब उसने अवैध से कार्य व अन्य संबंधित अनियमितताओं का विरोध किया, तो कर अधीक्षक राकेश कुमार ने उसे धमकाना शुरू कर दिया। शिकायत करने पर उल्टा उसी पर दबाव बनाया गया। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि महिला द्वारा की गई शिकायत का निस्तारण स्वयं आरोपी कर अधीक्षक ने ही किया और आईजीआरएस पोर्टल पर बिना किसी सक्षम अधिकारी की जांच या हस्ताक्षर के, अपनी रिपोर्ट अपलोड कर दी।
सूत्रों के अनुसार, कर अधीक्षक राकेश कुमार पर यह भी आरोप है कि वह नियमों को ताक पर रखकर अवैध ढंग से संपत्तियों को नंबर आवंटित करता है और इसके बदले आर्थिक लाभ अर्जित करता है। जब पीड़िता ने इन फाइलों को लेकर आपत्ति जताई, तो उसे लगातार प्रताड़ित किया गया।
महिला कर्मचारी ने बताया कि नगर निगम प्रशासन में तैनात महिला अधिकारी तक उसकी मदद को आगे नहीं आईं। नगर आयुक्त को इस संबंध में सूचित किए जाने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। इससे आहत होकर अब पीड़िता ने राज्य महिला आयोग और न्यायालय का रुख करने की तैयारी शुरू कर दी है।
महिला कर्मचारी ने मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव को पत्र लिखकर मामले में निष्पक्ष जांच और आरोपी अधिकारी के निलंबन की मांग की है। दलित वर्ग से होने के कारण उसे लगातार कार्यस्थल पर अपमानित किया जा रहा है, जिससे वह मानसिक रूप से अत्यंत परेशान है।
फिलहाल पीड़िता न्याय की उम्मीद में लगातार उच्च अधिकारियों से गुहार लगा रही है, जबकि आरोपी कर अधीक्षक पर कोई प्रशासनिक दबाव नहीं दिख रहा है।
अमरनाथ झा पत्रकार – 8318977396
