ज्वेलरी की दुकान से लाखों की चैन लेकर फरार हुआ शातिर, नैनी थाना क्षेत्र में नहीं थम रहे अपराध, सिर्फ वसूली तक ही सीमित है पुलिस
👉 नैनी में ज्वेलरी शॉप से दिनदहाड़े लाखों की चैन चोरी ,आभूषण खरीदने के बहाने आया शातिर, सीसीटीवी में कैद
👉 एडीए तिराहे के पास की घटना, 8-10 लाख की चोरी की आशंका ,पुलिस मौके पर पहुंची, मगर आरोपी अब तक फरार
👉 लगातार बढ़ रहे अपराध, नैनी थाना क्षेत्र में दहशत ,स्थानीय लोग बोले: पुलिस बनी मूकदर्शक, नहीं रुक रहे अपराध
प्रयागराज । नैनी कोतवाली क्षेत्र में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब दिनदहाड़े भी सुरक्षित रहना मुश्किल हो गया है। शुक्रवार को एडीए (पीडीए) तिराहे के पास स्थित एक प्रतिष्ठित ज्वेलरी शोरूम में एक युवक आभूषण खरीदने के बहाने घुसा और लाखों रुपये की सोने की चैन लेकर फरार हो गया। यह पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
शातिर की यह हरकत जहां पुलिस के लिए एक चुनौती बन गई है, वहीं लगातार हो रही घटनाओं ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय व्यापारियों और रहवासियों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। पिछले कुछ महीनों में नैनी थाना क्षेत्र में चोरी, लूट और झपटमारी की कई घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन अपराधियों पर कार्रवाई न के बराबर हुई है। पुलिस अधिकतर मामलों में मौके पर पहुंचने के बाद “जांच जारी है” कहकर खानापूर्ति करती नजर आती है।
ज्वेलरी चोरी की ताज़ा घटना से व्यापारी वर्ग में भारी नाराजगी है। उनका कहना है कि अगर पुलिस रात्रि गश्त और सीसीटीवी निगरानी को गंभीरता से लेती, तो शायद यह वारदात रोकी जा सकती थी।
सूत्रों की मानें तो चोरी गई चैन की कीमत करीब 8 से 10 लाख रुपये है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान शुरू कर दी है, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका है।
नैनी क्षेत्र के लोग अब सवाल उठा रहे हैं — क्या पुलिस को सिर्फ वारदात के बाद मौके पर पहुंचने और बयान लेने के लिए ही रखा गया है?
दिनदहाड़े शोरूम में हुई इस बड़ी चोरी ने न सिर्फ पुलिस की सक्रियता पर प्रश्नचिह्न खड़ा किया है, बल्कि लोगों के मन में असुरक्षा की भावना भी गहरा दी है।
जरूरत इस बात की है कि पुलिस सिर्फ “जांच” और “मौका मुआयना” से आगे बढ़े और अपराधियों पर त्वरित और सख्त कार्रवाई करे, ताकि आम जनता का भरोसा कायम रह सके।
