IIT रुड़की में गाजियाबाद के स्टूडेंट की संदिग्ध मौत:हॉस्टल के बंद कमरे में मिला शव; पुलिस बोली- सुसाइड नोट मिला, डिप्रेशन में था

0
IIT रुड़की में गाजियाबाद के स्टूडेंट की संदिग्ध मौत:हॉस्टल के बंद कमरे में मिला शव; पुलिस बोली- सुसाइड नोट मिला, डिप्रेशन में था

IIT रुड़की में गाजियाबाद के स्टूडेंट की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बैचलर ऑफ साइंस एंड मास्टर ऑफ साइंस (BS-MS) सेकेंड ईयर के स्टूडेंट आयुष राजोरिया (20) का शव हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना शुक्रवार देर रात गोविंद भवन हॉस्टल के दूसरे फ्लोर की है। जब उसके दोस्त खाना खाने के बाद उससे मिलने पहुंचे तो उसने दरवाजा नहीं खोला, जिस पर उन्होंने IIT के मैनेजमेंट को बताया। इसके बाद मैनेजमेंट ने पुलिस से शिकायत की। सूचना मिलते ही पुलिस और फील्ड यूनिट की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोस्तों की मदद से दरवाजा तोड़कर शव बाहर निकाला और पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया। 4 पॉइंट में खबर… 1. दोस्तों ने खटखटाया कमरा नंबर BS-10 का दरवाजा- मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद (410, बांके बिहारी शरणम, राजनगर एक्सटेंशन) निवासी 20 वर्षीय आयुष राजोरिया के रूप में हुई है। वह आईआईटी रुड़की में बीएस-एमएस (BS-MS) द्वितीय वर्ष का छात्र था और संस्थान के गोविंद भवन हॉस्टल के दूसरे तल पर कमरा नंबर BS-10 में रहता था। गुरुवार देर रात खाना खाने के बाद आयुष के दोस्त उससे मिलने उसके कमरे पर पहुंचे। काफी देर तक आवाज देने और दरवाजा खटखटाने के बावजूद जब अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो दोस्तों ने अनहोनी की आशंका जताते हुए तत्काल आईआईटी मैनेजमेंट को इसकी सूचना दी। 2. सुरक्षा अधिकारी ने पुलिस को दी सूचना, दरवाजा तोड़कर निकाला शव- रात करीब 1 बजे आईआईटी रुड़की के सुरक्षा अधिकारी कुलदीप सिंह नेगी ने कोतवाली पुलिस को मामले की सूचना दी। सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी प्रदीप बिष्ट पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण पुलिस ने सुरक्षा गार्डों और छात्रों की मदद से दरवाजा तोड़ा। अंदर प्रवेश करने पर आयुष का शव पंखे से चादर के फंदे के सहारे लटका हुआ मिला। पुलिस ने तत्काल शव को नीचे उतारकर कब्जे में लिया। 3. सुसाइड नोट मिला, डिप्रेशन में होने की बात आई सामने- सीओ ओशिन जोशी ने बताया कि मौके से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। उसमें छात्र ने अपनी परेशानियों और भावनाओं के बारे में लिखा है। नोट से प्रथम दृष्टया उसके डिप्रेशन में होने की बात सामने आई है। उन्होंने बताया कि सुसाइड नोट में किसी व्यक्ति की संलिप्तता या किसी पर आरोप लगाने जैसी कोई बात नहीं मिली है। छात्र ने अपने माता-पिता या किसी अन्य व्यक्ति पर भी कोई आरोप नहीं लगाया है। 4. FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य, परिजन पहुंचे रुड़की- घटना की सूचना मिलते ही गाजियाबाद से आयुष के माता-पिता भी आईआईटी परिसर पहुंच गए। रात में ही FSL टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल रुड़की भेज दिया है। सीओ के मुताबिक, अभी तक परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। पुलिस अननेचुरल डेथ के मामले में वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

मुख्य ख़बरें