परिवार परामर्श केंद्र की पहल से बचा एक और परिवार, पति-पत्नी में हुआ समझौता
चित्रकूट। पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह के निर्देशन में संचालित परिवार परामर्श केंद्र ने एक और टूटते परिवार को बिखरने से बचाते हुए पति-पत्नी के बीच सफलतापूर्वक समझौता कराया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अफरोज जहाँ ने अपने पति के विरुद्ध मारपीट, पारिवारिक विवाद एवं बच्चों के भरण-पोषण न करने की शिकायत पुलिस अधीक्षक से की थी। शिकायत के बाद मामले को परिवार परामर्श केंद्र को भेजा गया, जहां दोनों पक्षों को बुलाकर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना गया।
परिवार परामर्श केंद्र की टीम ने धैर्यपूर्वक काउंसलिंग करते हुए पति-पत्नी के बीच संवाद स्थापित कराया और आपसी मतभेदों को दूर करने का प्रयास किया। काउंसलिंग के सकारात्मक परिणामस्वरूप दोनों ने पुराने विवादों को भुलाकर भविष्य में प्रेम, विश्वास और पारिवारिक सौहार्द के साथ रहने तथा अपने पारिवारिक दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने पर सहमति जताई।
समझौते के बाद परामर्श केंद्र की टीम ने दंपति को एक-दूसरे का सम्मान करने, बच्चों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा किसी भी विवाद की स्थिति में बातचीत के माध्यम से समाधान निकालने की सलाह दी।
इस सराहनीय समझौते को सफल बनाने में मुख्य महिला आरक्षी रजनी सिंह, महिला आरक्षी सोनिका द्विवेदी एवं महिला आरक्षी अनामिका सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
🤝 परिवार परामर्श केंद्र का उद्देश्य केवल विवादों का समाधान करना नहीं, बल्कि परिवारों को जोड़कर समाज में आपसी प्रेम, विश्वास और सौहार्द बनाए रखना है।
