कौशाम्बी: भगवानपुर जूनियर हाईस्कूल में बेहतर शैक्षणिक व्यवस्था, मेनू के अनुसार मिल रहा मध्याह्न भोजन
कौशाम्बी। नेवादा विकासखंड के भगवानपुर उच्च प्राथमिक विद्यालय में शिक्षा, स्वच्छता और अनुशासन का उत्कृष्ट वातावरण देखने को मिल रहा है। विद्यालय परिसर साफ-सुथरा एवं सुव्यवस्थित है, जहां छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ भी प्रभावी ढंग से दिया जा रहा है।
विद्यालय के इंचार्ज रमेश चन्द्र मिश्रा ने बताया कि वर्तमान में विद्यालय में 82 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। यहां तीन शिक्षकों का स्टाफ नियमित रूप से बच्चों को शिक्षित करने के साथ उनकी शैक्षणिक प्रगति पर भी विशेष ध्यान दे रहा है।
उन्होंने बताया कि मध्याह्न भोजन योजना के अंतर्गत विद्यार्थियों को प्रतिदिन शासन द्वारा निर्धारित मेनू के अनुसार पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाता है। भोजन की स्वच्छता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विशेष निगरानी रखी जाती है, जिससे बच्चों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार मिल सके।
विद्यालय में प्रतिदिन समयबद्ध ढंग से प्रार्थना सभा, नियमित पठन-पाठन, स्वच्छता अभियान एवं अन्य शैक्षणिक गतिविधियों का संचालन किया जाता है। विद्यालय प्रबंधन का उद्देश्य विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा, अनुशासन एवं संस्कारयुक्त वातावरण प्रदान कर उनका सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करना है।
ग्रामीणों एवं अभिभावकों ने भी विद्यालय की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए बताया कि यहां पढ़ाई का स्तर संतोषजनक है तथा बच्चों को शासन के निर्देशानुसार सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
✍️ अमरनाथ झा, पत्रकार
📞 9415254415
