जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल ने प्राथमिक विद्यालय सौरई खुर्द का किया औचक निरीक्षण
कौशाम्बी। जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल ने बुधवार को प्राथमिक विद्यालय सौरई खुर्द का औचक निरीक्षण कर विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, छात्र उपस्थिति और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार तथा शासन के मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कक्षाओं में निपुण तालिका प्रदर्शित न होने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने प्रधानाध्यापक अरुण कुमार बाजपेई को तत्काल निपुण तालिका प्रदर्शित कराने और उसे नियमित रूप से अद्यतन रखने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने विद्यालय में नामांकित विद्यार्थियों की संख्या की जानकारी लेते हुए बच्चों की नियमित उपस्थिति बढ़ाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कक्षा-2 के एक छात्र से पुस्तक पढ़वाई तथा कक्षा-1 के छात्र से गिनती सुनकर शिक्षा की गुणवत्ता का भी आकलन किया।
उन्होंने विद्यालय प्रशासन को निर्देशित किया कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जाए तथा मध्यान्ह भोजन (मिड-डे मील) शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप ही उपलब्ध कराया जाए।
प्रधानाध्यापक अरुण कुमार बाजपेई ने बताया कि विद्यालय में कुल 236 विद्यार्थी नामांकित हैं, जिनमें वर्तमान शैक्षणिक सत्र में 49 नए विद्यार्थियों का प्रवेश कराया गया है।
जिलाधिकारी ने विद्यालय की व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार करने तथा बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के निर्देश देते हुए कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
