होटल में ब्यूटीशियन साली की हत्या करके जान दी:सिंदूर लेकर पहुंचा, शादी से इनकार पर वारदात; काशी में पति-पत्नी बनकर रूम लिया था
वाराणसी में 20 साल के युवक ने होटल में ब्यूटीशियन साली की गला रेतकर हत्या कर दी। फिर खुद फंदे से लटककर सुसाइड कर लिया। युवक साली से शादी करना चाहता था। वह अपने साथ सिंदूर भी लेकर पहुंचा था। साली के इनकार करने पर उसने वारदात को अंजाम दिया। युवती उसकी भाभी की सगी बहन थी। घटना बड़ागांव थाना क्षेत्र के बाबतपुर एयरपोर्ट रोड स्थित केजे इंटरनेशनल होटल की है। मृतकों की पहचान जय विकास (20) और उसकी भाभी की सगी बहन प्रिया केसरी (23) के रूप में हुई है। दोनों ने सोमवार दोपहर 1 बजे पति-पत्नी बनकर कमरा बुक किया था। रात 10 बजे स्टाफ डिनर का ऑर्डर लेने पहुंचा तो दरवाजा नहीं खुला। इसके बाद पुलिस बुलाई गई। पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो बाथरूम में प्रिया की खून से सनी लाश पड़ी थी, जबकि कमरे में जय विकास का शव फंदे से लटका मिला। पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि प्रिया और जय विकास का अफेयर चल रहा था। घरवालों ने प्रिया की शादी कहीं और तय कर दी थी। उसकी सगाई भी हो चुकी थी और जनवरी में शादी होनी थी, इसी बात से जय नाराज था। सिलसिलेवार तरीके से पूरा मामला जानिए DCP गोमती जोन नीतू कादयान ने बताया कि जय विकास मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के BLW का रहने वाला था, जबकि प्रिया बसनी (बड़ागांव) की रहने वाली थी। 5 साल पहले प्रिया की बहन नीतू की शादी जय के बड़े भाई से हुई थी। बहन की शादी के बाद दोनों के बीच दोस्ती हुई, जो बाद में अफेयर में बदल गई। प्रिया के पिता नंदलाल केसरी उर्फ नप्पल ठेले पर गोलगप्पे और चाट बेचते हैं। उसके दो भाई पंकज और अमित केसरी हैं। प्रिया बड़ागांव में यूनियन बैंक के पास अनन्या ब्यूटी पार्लर में ब्यूटीशियन का काम करती थी। पति-पत्नी बताकर होटल में रूम बुक कराया सोमवार सुबह 11:30 बजे प्रिया घर से ब्यूटी पार्लर जाने के लिए निकली थी। इसके बाद दोनों ने होटल में कमरा बुक कराया। एंट्री रजिस्टर में आधार कार्ड देकर अपना नाम-पता दर्ज कराया, जहां जय विकास ने प्रिया को अपनी पत्नी बताया। कमरे में जाने के बाद दोनों ने खाने-पीने का सामान भी ऑर्डर किया। इधर, देर शाम तक प्रिया घर नहीं पहुंची तो परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने उसे कॉल किया, लेकिन फोन नहीं उठा। इसके बाद परिजन पुलिस के पास पहुंचे। पुलिस ने मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की, तो दोनों बाबतपुर इलाके में मिले। दरवाजा तोड़कर कमरे में घुसी पुलिस DCP ने बताया- रात 10 बजे होटल कर्मचारियों ने खाने के लिए फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। इसके बाद कमरे का दरवाजा खटखटाया गया। दरवाजा अंदर से बंद था और कोई रिस्पॉन्स नहीं आया। इसके बाद होटल प्रबंधन और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस दोनों के परिजनों को लेकर होटल पहुंची। दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल होने पर दोनों की लाशें मिलीं। प्रिया के शरीर का आधा हिस्सा बाथरूम के अंदर और आधा दरवाजे के बाहर था। वहीं, जय ने प्रिया के दुपट्टे का फंदा बनाकर पंखे से लटककर सुसाइड कर लिया था। प्रेम संबंध की जानकारी परिजनों को थी सूचना पर ADCP मौके पर पहुंचे। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को बुलाकर कमरे से जरूरी सबूत जुटवाए। हर चीज पर मौजूद फिंगर प्रिंट लिए गए। होटल के CCTV फुटेज भी खंगाले गए। पुलिस को मौके से सिंदूर की डिब्बी मिली है। पुलिस ने बताया कि दोनों के बीच प्रेम संबंध की जानकारी परिजनों को भी थी। लड़की वाले रिश्ते के लिए राजी नहीं थे। लड़की भी परिजनों की मर्जी से शादी को तैयार हो गई थी।
…………………. ये खबर भी पढ़ें- हत्या की, फिर लाश से 5 बार रेप किया:मैक्सी में देख नीयत खराब हो गई थी; कन्नौज में पति-पत्नी को मारने वाले का कबूलनामा मैंने उस महिला को एक दिन मैक्सी पहनकर झाड़ू लगाते हुए देखा। मेरी उसी दिन नीयत खराब हो गई। मैं बार-बार उसके घर के पास जाता और छिपकर महिला को देखता था। एक रात मौका मिलते ही मैं उसके घर पर कूदा। पढ़ें पूरी खबर
