जिले भर में उत्साह के साथ मनाया गया 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस, हजारों लोगों ने किया योगाभ्यास

0
kjhgfvbn

कौशांबी। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शनिवार को जनपद कौशांबी में विभिन्न स्थानों पर सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए गए। डायट मैदान, तिलगोड़ी स्टेडियम नेवादा, वृद्धाश्रम, पुलिस लाइन, विकास खंडों, ग्राम पंचायतों तथा विभिन्न सामाजिक एवं शैक्षणिक संस्थानों में आयोजित कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आमजन ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया तथा योग को दैनिक जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।

डायट मैदान में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ अध्यक्ष जिला पंचायत कल्पना सोनकर एवं उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य प्रतिभा कुशवाहा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मराज मौर्य, नगर पालिका परिषद मंझनपुर के अध्यक्ष वीरेन्द्र कुमार फौजी, जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल, पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण, मुख्य विकास अधिकारी विनोद राम त्रिपाठी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय कुमार सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी एवं नागरिक उपस्थित रहे।

इस अवसर पर अध्यक्ष जिला पंचायत कल्पना सोनकर ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं बल्कि स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन जीने की प्रभावी जीवनशैली है। उन्होंने सभी नागरिकों से योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

वहीं तिलगोड़ी स्टेडियम नेवादा में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ जनपद की नोडल अधिकारी एवं मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं नागरिकों ने सामूहिक योगाभ्यास किया। योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कर शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के दौरान कोलकाता में आयोजित राष्ट्रीय योग कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी देखा गया तथा प्रधानमंत्री के संबोधन को सुना गया। योग दिवस के इस आयोजन ने स्वास्थ्य और जागरूकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाया।

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने परिषद के आयाम ‘जिज्ञासा’ के माध्यम से मंझनपुर, पश्चिम शरीरा सहित जिले के विभिन्न स्थानों पर योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए। जिला संयोजक सुशील सोनकर, नगर मंत्री दीपक राजपूत, राजेश कुमार सिंह, आदित्य सिंह, प्रशांत मणि पांडेय, आनंद सिंह पटेल, पवन भट्ट तथा शिव बाबू चौधरी सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने योगाभ्यास कर युवाओं को स्वस्थ जीवन के लिए योग अपनाने का संदेश दिया।

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर वृद्धाश्रम में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बुजुर्गों ने उत्साहपूर्वक योग एवं प्राणायाम किया। वृद्धाश्रम प्रबंधक आलोक राय ने बुजुर्गों को उनकी शारीरिक क्षमता के अनुरूप योगाभ्यास कराया तथा नियमित योग के लाभों की जानकारी दी। उपस्थित बुजुर्गों ने स्वस्थ एवं सक्रिय जीवन के लिए प्रतिदिन योग करने का संकल्प लिया।

इसके अतिरिक्त जनपद के सभी विधानसभा क्षेत्रों, पुलिस लाइन, विकास खंडों, ग्राम पंचायतों, अमृत सरोवरों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए गए। योग दिवस के अवसर पर पूरे जिले में स्वास्थ्य, जागरूकता और सकारात्मक जीवनशैली का संदेश दिया गया तथा लोगों से योग को अपनी दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाने की अपील की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

मुख्य ख़बरें