पिता की गोली मारकर हत्या करने वाला 15 हजार का इनामी बेटा गिरफ्तार

0
rtyujknm

कौशाम्बी। मंझनपुर थाना क्षेत्र के बित्तूपुर मजरा कैनी गांव में जमीन बिक्री के रुपये को लेकर हुए विवाद में अपने पिता की गोली मारकर हत्या करने वाले 15 हजार रुपये के इनामी आरोपी पुत्र को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त अवैध तमंचा और खोखा कारतूस भी बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार 15 जून 2026 को राकेश कुमार पुत्र स्वर्गीय रामदीन कोरी निवासी बित्तूपुर मजरा कैनी ने मंझनपुर थाने में तहरीर देकर बताया था कि उसके भाई रामनरेश, जो जिलाधिकारी कार्यालय कौशाम्बी में कार्यरत थे, ने कुछ समय पूर्व अपनी जमीन बेची थी। जमीन बिक्री से प्राप्त धनराशि को लेकर उनका पुत्र राहुल कुमार लगातार रुपये की मांग कर रहा था। रुपये न मिलने के कारण वह अपने पिता से नाराज चल रहा था।

आरोप है कि 15 जून को रामनरेश अपने पुत्र राहुल के साथ मोटरसाइकिल से ड्यूटी पर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में राहुल ने अपने पिता को जान से मारने की नीयत से गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल रामनरेश को जिला अस्पताल मंझनपुर से एसआरएन अस्पताल प्रयागराज रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।

घटना के संबंध में मंझनपुर थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया था तथा आरोपी पर 15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

रविवार को मुखबिर की सूचना पर मंझनपुर पुलिस और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए वांछित आरोपी राहुल कुमार को हाजीपुर-पतौन रोड स्थित इलियास की प्लाटिंग के पास से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक अवैध तमंचा .315 बोर तथा एक खोखा कारतूस बरामद हुआ।

बरामदगी के आधार पर मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई गई हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है।

इस सनसनीखेज घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया था। पुलिस की इस कार्रवाई को मामले के खुलासे में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

मुख्य ख़बरें