₹370 बिरयानी विवाद, कॉमेडियन प्रणीत मोरे की माफी:महिलाओं पर भद्दे कमेंट पर कहा- मैं नफरत का हकदार, लेकिन एक मौका दें
कॉमेडियन प्रणीत मोरे ने ‘₹370 की बिरयानी’ वाले वीडियो को लेकर माफी मांगी है। उन्होंने शनिवार को अपना वीडियो मैसेज जारी किया। इसमें कहा कि वे लंबे समय से इस मुद्दे पर बात करना चाहते थे, लेकिन उनका इंस्टाग्राम अकाउंट सस्पेंड था। प्रणीत ने कहा कि ₹370 की बिरयानी वाले वीडियो के बाद उनसे लोग काफी नफरत कर रहे थे। उन्होंने माना कि वे इसके हकदार हैं। उनके मुताबिक, शो के दौरान एक व्यक्ति ने कई आपत्तिजनक बातें कही थीं। लोग हंस रहे थे, जिससे वे भी माहौल में बह गए और सही फैसला नहीं ले पाए। बता दें कि आपत्तिजनक बातें ऑडियंस में बैठे हिमांशु जांगड़ा ने कही थीं। प्रणीत बोले- मुझे उसी वक्त रोकना चाहिए था प्रणीत ने माना कि वे चाहते तो उस व्यक्ति को तभी रोक सकते थे या विरोध कर सकते थे। लेकिन ऐसा न करके उन्होंने उसे एक प्लेटफॉर्म दिया, जिससे मामला और बढ़ गया। प्रणीत ने कहा कि इससे जिन लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं, उनसे वे माफी मांगते हैं। लोगों से एक और मौका देने की अपील प्रणीत ने यह भी कहा कि वे मामले में चल रही लीगल प्रोसीडिंग में अधिकारियों का पूरा सहयोग कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने लोगों से उन्हें एक और मौका देने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस घटना से उन्हें सीख मिली है और वे खुद पर काम कर रहे हैं। भविष्य में उनके कंटेंट और काम में भी यह बदलाव देखने को मिलेगा। हिमांशु जांगड़ा का पहला बयान सामने आया शो में ₹370 की बिरयानी को लेकर की गई टिप्पणी के बाद विवादों में आए हिमांशु जांगड़ा का पहला बयान सामने आया । उन्होंने शनिवार को अपने कमेंट के लिए माफी मांगी। हिमांशु गुरुग्राम स्थित कंपनी स्टारविक डिजाइन में वेब डेवलपर के रूप में काम करते थे। विवाद बढ़ने के बाद उन्हें कंपनी से निकाल दिया गया। शनिवार को कंपनी के इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया गया, जिसमें कंपनी के फाउंडर विवेक विश्वकर्मा हिमांशु से बातचीत करते नजर आए। वीडियो में अपने बयान पर सफाई देते हुए हिमांशु ने कहा कि उन्होंने जिस लड़की का जिक्र किया था, उसे उन्होंने सच में डेट किया था, लेकिन शो में सुनाई गई कहानी पूरी तरह सच नहीं थी। उनके अनुसार, उन्होंने कहानी के कुछ हिस्सों को मनोरंजन के उद्देश्य से बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया था। उन्होंने स्वीकार किया कि कुछ शब्दों का इस्तेमाल गलत था और इसके लिए उन्होंने फिर से माफी मांगी। हिमांशु ने कहा कि उनकी ऐसी कोई सोच या मंशा नहीं थी। उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने हमेशा अपनी महिला सहकर्मियों के साथ अच्छे प्रोफेशनल रिलेशन बनाए हैं और उन्हें शो में कही गई बातों पर अफसोस है। दर्शक ने शो में आपत्तिजनक टिप्पणी की थी प्रणीत मोरे के शो में दर्शक हिमांशु जांगड़ा ने कहा था कि उन्होंने एक महिला को करीब ₹370 की चिकन बिरयानी खिलाई थी और जब महिला ने उन्हें घर छोड़ने के लिए कहा, तो उन्हें अपने खर्च की भरपाई के रूप में फिजिकल इंटिमेसी की उम्मीद थी। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हिमांशु और प्रणीत की आलोचना हुई। पूरी खबर यहां पढ़ें.. प्रणीत का एक और वीडियो वायरल हुआ ‘370 रुपए की बिरयानी’ वाले वीडियो के बाद प्रणीत मोरे के शो का एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसमें सेजल पवार नाम की एक MBBS स्टूडेंट के कमेंट की भी आलोचना हुई। सेजल ने कहा था कि वे और उनके साथी कॉलेज में पुरुषों की डोनेट की गई बॉडी के प्राइवेट पार्ट्स को देखकर उनका मजाक उड़ाते थे। विवाद बढ़ने के साथ सेजल ने भी माफी मांगी थी। पूरी खबर यहां पढ़ें… सेजल पवार पर कार्रवाई की गई न्यूज एजेंसी PTI के अनुसार, शो में की गई टिप्पणी के बाद सेजल पवार को 15 दिनों की अनिवार्य छुट्टी पर भेज दिया गया। उन्हें फिलहाल KEM मेडिकल कॉलेज और हॉस्टल परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। मामले की जांच के लिए 5 सदस्यीय समिति बनाई गई है, जो 7 दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। अधिकारियों का कहना है कि सेजल पवार की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्हें सुरक्षित तरीके से उनके परिवार के पास भेज दिया गया है। साइबर पुलिस ने FIR दर्ज की महाराष्ट्र साइबर पुलिस ने कॉमेडियन प्रणीत मोरे, हिमांशु जांगड़ा, डॉ. सेजल पवार और इसमें शामिल अन्य लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। वहीं, शो के वीडियो के लेकर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा था कि देश का संविधान सबको अभिव्यक्ति की आजादी देता है, लेकिन मनोरंजन के नाम पर सामाजिक मर्यादा को लांघना सही नहीं है। पूरी खबर यहां पढ़ें..
