सांसद पुष्पेंद्र सरोज के ट्वीट के बाद जागा प्रशासन, दो लेखपाल निलंबित; पुराने मामले पर उठे सवाल
कौशाम्बी। समाजवादी पार्टी के सांसद पुष्पेंद्र सरोज के ट्वीट के बाद कौशाम्बी प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फरियादी राम भवन सरोज के साथ कथित अभद्रता और जूता मारने के आरोप में लेखपाल सुनील द्विवेदी और कमल सिंह को निलंबित कर दिया है।
हालांकि इस कार्रवाई के बाद जिले में पुराने मामलों को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले वर्ष तहसील परिसर में एक फरियादी के साथ कथित रूप से बेल्ट से मारपीट का मामला सामने आया था, लेकिन उस प्रकरण में आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई और पीड़ित अब भी न्याय की प्रतीक्षा कर रहा है।
घटना के बाद राजनीतिक गलियारों में भी सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि वर्तमान मामले में जनप्रतिनिधियों की सक्रियता से कार्रवाई संभव हुई, तो पूर्व में हुई घटनाओं पर समान गंभीरता क्यों नहीं दिखाई गई। चर्चा इस बात की भी है कि क्या सभी पीड़ितों को समान न्याय मिलेगा या कार्रवाई केवल चर्चित मामलों तक सीमित रहेगी।
फिलहाल दो लेखपालों के निलंबन के बाद प्रशासनिक कार्रवाई शुरू हो चुकी है, लेकिन पुराने मामलों में न्याय और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई को लेकर सवाल अभी भी बने हुए हैं। जनता की निगाहें अब प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं।
