प्रयागराज में बिना सूचना बदला स्मार्ट मीटर, बढ़ा बिजली बिल—उपभोक्ता ने RTI से मांगा हिसाब
👉 बिना सूचना बदला स्मार्ट मीटर, बढ़े बिल पर उपभोक्ता ने उठाए सवाल..
👉 बिजली विभाग की कार्यशैली पर सवाल—RTI में मांगा मीटर बदलने का पूरा रिकॉर्ड..
👉 स्मार्ट मीटर बदलते ही बढ़ा बिल, उपभोक्ता ने RTI से खोला मोर्चा…
प्रयागराज । बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। शहर के भैला मकदूमपुर निवासी अमरनाथ झा ने आरोप लगाया है कि उनके घर पर बिना पूर्व सूचना के स्मार्ट मीटर बदल दिया गया, जिसके बाद से बिजली बिल असामान्य रूप से बढ़ गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने सूचना का अधिकार अधिनियम 2005 के तहत ऑनलाइन आवेदन कर जवाब मांगा है।
आवेदन के अनुसार, उपभोक्ता का कहना है कि उनका पुराना प्रीपेड स्मार्ट मीटर बिना किसी लिखित सूचना, सहमति या आदेश के बदलकर नया मीटर लगा दिया गया। इसके बाद से उनके बिजली बिल में अप्रत्याशित वृद्धि दर्ज की गई, जो उनकी वास्तविक खपत से कहीं अधिक बताई जा रही है।

RTI आवेदन में अमरनाथ झा ने कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर जानकारी मांगी है। उन्होंने पूछा है कि मीटर परिवर्तन का आदेश किस आधार पर दिया गया, इसकी प्रमाणित प्रति उपलब्ध कराई जाए। साथ ही, मीटर बदलने से पहले उपभोक्ता को दी गई सूचना या नोटिस की कॉपी, नए मीटर से संबंधित नियम और दिशा-निर्देश, तथा इस प्रक्रिया में शामिल अधिकारी/कर्मचारी का नाम और पद भी स्पष्ट करने की मांग की गई है।
इसके अलावा, उन्होंने पिछले 6 महीनों की मीटर रीडिंग और वर्तमान बिल की गणना का पूरा विवरण मांगा है, ताकि बढ़े हुए बिल के कारणों की पारदर्शी जांच हो सके। आवेदन में यह भी सवाल उठाया गया है कि बिना उपभोक्ता की सहमति के मीटर परिवर्तन किस नियम या धारा के तहत किया गया।
यह मामला न केवल एक उपभोक्ता की परेशानी को दर्शाता है, बल्कि बिजली विभाग की पारदर्शिता और जवाबदेही पर भी गंभीर प्रश्न खड़े करता है। अब देखना होगा कि विभाग RTI के तहत मांगी गई जानकारी का क्या जवाब देता है और क्या उपभोक्ता को राहत मिल पाती है या नहीं।
Amarnath jha Kaushambi -9415254415
