चित्रकूट दीपावली मेले की तैयारियों को लेकर यूपी-एमपी के अधिकारियों की बैठक, सुरक्षा और सुविधाओं पर जोर
चित्रकूट। आगामी दीपावली मेले को लेकर उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के अधिकारियों ने तैयारियों की समीक्षा की। ग्रामोदय विश्वविद्यालय, चित्रकूट के सभाकक्ष में आयोजित अंतरराज्यीय समन्वय बैठक में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, यातायात और स्वच्छता व्यवस्था को समय से पूरा करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में सांसद गणेश सिंह, विधायक सुरेंद्र सिंह गहरवार और रीवा संभाग के कमिश्नर शैलेन्द्र सिंह की उपस्थिति में दोनों राज्यों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने को कहा गया, ताकि देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन-पूजन की सुविधा मिल सके।
परिक्रमा मार्ग से रामघाट तक व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश।
अधिकारियों को परिक्रमा मार्ग से अतिक्रमण हटाने, मेला क्षेत्र और रामघाट पर साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। बिजली के लटकते तारों को ठीक कराने और बाढ़ में क्षतिग्रस्त पुल के स्थान पर बन रहे पीपा पुल का निर्माण मेले से पहले पूरा कराने पर भी जोर दिया गया।
इसके अलावा पार्किंग स्थलों को चिह्नित करने, यातायात प्रबंधन की कार्ययोजना तैयार करने और खोया-पाया केंद्र को सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए।
सीसीटीवी निगरानी और नाव संचालन पर विशेष ध्यान
मेले में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के लिए सीसीटीवी कैमरों की जांच, मेला क्षेत्र को सेक्टरों में बांटने और अधिकारियों-कर्मचारियों की जिम्मेदारियां तय करने को कहा गया। रामघाट पर नाविकों का पंजीकरण अनिवार्य करने, नावों पर निर्धारित किराये की सूची लगाने और प्रशिक्षित नाविकों से ही नावों का संचालन कराने के निर्देश दिए गए। आपात स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त गोताखोरों की तैनाती पर भी जोर दिया गया।
बैठक में सतना और चित्रकूट के प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, संबंधित विभागों के अधिकारियों तथा संत-महात्माओं ने भाग लिया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि मेले से जुड़ी सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा में पूरी कर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए।
अमरनाथ झा पत्रकार -9415254415
