जो मरी नहीं थी, उसका मनाया गया मातम, जो सच में मरी थी, उसकी पहचान अब भी अधूरी
👉 कौशांबी में मृत मानकर अंतिम संस्कार की गई लड़की जिंदा मिली ,पुलिस ने 29 जून को टेढ़ी मोड़, शहजादपुर से लड़की को सकुशल बरामद किया।
👉 रेलवे ट्रैक पर मिली लाश की असली पहचान अब भी रहस्य ,पुलिस ने शव का डीएनए सुरक्षित रखा, पहचान की कोशिश जारी।
👉 सोशल मीडिया पर फैला भ्रम, पुलिस की सक्रियता से सच्चाई सामने आई।
कौशांबी। जिले में सामने आई एक रहस्यमयी घटना ने रिश्तों, संवेदनाओं और हकीकत के ताने-बाने को पूरी तरह उलझा दिया है। रेलवे ट्रैक पर मिली एक लाश ने न सिर्फ एक परिवार, बल्कि पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है। मामला अब एक अनसुलझी गुत्थी बनकर पुलिस के सामने है।
परिवार ने जिस शव को बेटी मान लिया, वो लड़की जिंदा मिली
18 मार्च को भरवारी और बिदनपुर स्टेशन के बीच एक महिला का क्षत-विक्षत शव मिला। एक परिवार ने दावा किया कि यह उनकी बेटी है और पूरे विश्वास के साथ अंतिम संस्कार कर दिया। सोशल मीडिया पर हंगामा मचा, स्थानीय लोग सड़क पर उतर आए, सिस्टम को कोसा गया, लेकिन पुलिस ने मामले की गहन जांच जारी रखी।
पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि जांच में सच्चाई कुछ और ही निकली। साइबर सेल, सर्विलांस और तकनीकी टीम की मदद से 29 जून को लापता बताई गई वही लड़की टेढ़ी मोड़, शहजादपुर से सकुशल बरामद कर ली गई।
सवाल अब असली शव का – वो कौन थी?
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि 18 मार्च को रेलवे ट्रैक पर मिली लाश आखिर किसकी थी? पुलिस ने शव का डीएनए सुरक्षित रखा है और अब उसकी असली पहचान की तलाश जारी है।
क्या वह किसी और की गुमशुदा बेटी थी?
क्या वह किसी अपराध की अनकही कहानी है?
या फिर वह भी समाज की अनदेखी में खो गया एक चेहरा?
सामाजिक सीख और पुलिस की सजगता
यह मामला केवल एक पुलिस केस नहीं, बल्कि एक गंभीर सामाजिक सन्देश भी है कि जल्दबाजी में भावनात्मक फैसले लेना और बिना साक्ष्य के किसी शव की पहचान कर लेना किस हद तक गलत हो सकता है। इस घटना ने सोशल मीडिया ट्रायल की भी खतरनाक हकीकत उजागर कर दी है।
पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि यदि पुलिस ने समय रहते गहराई से जांच न की होती तो एक निर्दोष व्यक्ति हत्या जैसे गंभीर आरोपों में जेल चला जाता।
अब अगली चुनौती – अज्ञात शव को पहचान दिलाना
यह कहानी अभी अधूरी है। असली न्याय तब मिलेगा जब उस अज्ञात मृतका की पहचान सामने आएगी और उसे भी इंसाफ मिलेगा।
यह घटना पुलिस की संवेदनशीलता, तकनीकी सक्रियता और सतर्कता का बेहतरीन उदाहरण है, लेकिन साथ ही समाज के लिए एक चेतावनी भी है कि बिना सच जाने, बिना जांच किए किसी भी घटना पर भावनात्मक या भीड़ के दबाव में जल्दबाजी न करें।
👉🏿 झूठे भ्रम के बीच एक बेटी जिंदा मिली, यह बड़ी बात है। लेकिन जब तक उस अनजान मृतका को पहचान नहीं मिलती, तब तक इंसाफ भी अधूरा है।
