सीएचसी पहाड़ी में 18 लोगों ने किया स्वैच्छिक रक्तदान रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र देकर किया सम्मानित, अधीक्षक ने लोगों से की रक्तदान की अपील
पहाड़ी (चित्रकूट)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहाड़ी परिसर में शुक्रवार को स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 18 लोगों ने रक्तदान कर जरूरतमंदों की मदद और मानवता की सेवा का संदेश दिया। रक्तदान करने वाले सभी लोगों को सीएचसी अधीक्षक डॉ. उदय प्रताप सिंह एवं मौजूद अतिथियों ने प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।
शिविर में अजय सिंह, गितेश नामदेव, अंकित कुमार, ब्रह्मानंद पांडेय, अजीत जाटव, विवेक कुमार त्रिपाठी, प्रदीप कुमार, राहुल सिंह, सुनील कुमार जायसवाल, शुभम सिंह, सत्य प्रकाश सिंह, सदन हुसैन, अंकित सिंह, दिग्वेंद्र सिंह, अनिल कुमार, सुधीर कुमार मिश्रा, कौस्तुभ सोनी और अर्चना देवी ने स्वेच्छा से रक्तदान किया।
इस मौके पर अधीक्षक डॉ. उदय प्रताप सिंह ने कहा कि रक्त किसी फैक्ट्री में तैयार नहीं होता, बल्कि इसकी उपलब्धता स्वैच्छिक रक्तदान पर निर्भर करती है। दुर्घटना में घायल मरीजों, प्रसूताओं, गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों और ऑपरेशन के दौरान जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त जीवनरक्षक साबित होता है। उन्होंने पत्रकारों, जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रधानों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और युवाओं से रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाने तथा ऐसे आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
कार्यक्रम में बंशीलाल पत्रकार एवं जिलाध्यक्ष, सूचना का अधिकार कार्यकर्ता एसोसिएशन चित्रकूट, रमेश रैकवार मंडल अध्यक्ष भाजपा गनीवा, शिवमूरत द्विवेदी सहित अन्य लोग मौजूद रहे। अतिथियों ने रक्तदाताओं के योगदान की सराहना करते हुए लोगों से इस पुनीत कार्य में आगे आने की अपील की।
रक्तदान महादान है। आपका एक प्रयास किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचाने में अहम भूमिका निभा सकता है।
अमरनाथ झा पत्रकार -9415254415
