मूरतगंज हिंसा: जमीन विवाद में दोनों पक्षों पर मुकदमा, 24 घंटे के भीतर 24 नामजद समेत 11 अज्ञात पर केस दर्ज
कौशांबी। संदीपन घाट थाना क्षेत्र के जीटी रोड स्थित मूरतगंज में जमीन विवाद को लेकर हुए हिंसक संघर्ष के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों की तहरीर पर अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, पहले पक्ष की ओर से दर्ज मुकदमे में 11 नामजद और 8 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है। इस मामले में मो. कैफ, अदनान, सादान, जावेद, सलमान, सद्दाम, इरफान, अवधेश, चुन्नू और राजेश पासी सहित अन्य के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। यह मुकदमा संदीपन घाट थाना प्रभारी आशुतोष सिंह की ओर से दर्ज कराया गया है।
वहीं दूसरे पक्ष की तहरीर पर भी पुलिस ने 13 नामजद और 3 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच जमीन को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि लाठी-डंडे, ईंट-पत्थर और लोहे की रॉड से हमला कर दिया गया।
इस हिंसक झड़प में एक महिला सहित पांच लोग घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रण में लिया।
पुलिस ने बताया कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए विशेष टीम गठित की गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद मूरतगंज क्षेत्र में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
