उड़ीसा से लाई जा रही 50 लाख रुपये की गांजा खेप कौशाम्बी में पकड़ी, दो तस्कर गिरफ्तार
कौशाम्बी
मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) प्रयागराज यूनिट और कोखराज थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए लगभग 50 लाख रुपये मूल्य की गांजा की खेप बरामद की है। इस कार्रवाई में दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, बरामद गांजा की खेप उड़ीसा से तस्करी कर लाई जा रही थी। मुखबिर की सूचना पर एएनटीएफ और कोखराज पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका। तलाशी के दौरान भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार दोनों आरोपी जनपद फतेहपुर के हथगांव थाना क्षेत्र के कुठली गांव के निवासी बताए गए हैं। प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को तस्करी के नेटवर्क से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं।
पुलिस अब फतेहपुर के कथित गांजा सप्लायर ‘बबलू’ और उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि बरामद गांजा की खेप किस स्थान पर पहुंचाई जानी थी और इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन शामिल हैं।
फिलहाल आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
