कौशांबी: डीएम डॉ. अमित पाल का करारी नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर औचक निरीक्षण, गंदगी पर जताई नाराजगी

0
805f3d26-746e-4cf8-bd29-4b6a9fcdd859

कौशांबी। जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल ने बुधवार को करारी स्थित नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई, ओपीडी, दवा वितरण कक्ष, लैब तथा अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में एक लंबे समय से खड़ी निष्प्रयोज्य एंबुलेंस मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) से दूरभाष पर वार्ता कर नियमानुसार एंबुलेंस की नीलामी सहित आवश्यक कार्रवाई करते हुए उसका शीघ्र निस्तारण कराने के निर्देश दिए।

अस्पताल परिसर में सफाई व्यवस्था संतोषजनक न मिलने पर डीएम ने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई और नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पतालों में स्वच्छ वातावरण मरीजों के बेहतर उपचार और संक्रमण से बचाव के लिए अत्यंत आवश्यक है।

जिलाधिकारी ने ओपीडी रजिस्टर का निरीक्षण कर चिकित्साधिकारी डॉ. शोएब अंसारी से प्रतिदिन आने वाले मरीजों की संख्या और उपचार व्यवस्था की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने दवा वितरण कक्ष का निरीक्षण कर आवश्यक दवाओं की उपलब्धता की समीक्षा की। बरसात के मौसम में सर्पदंश की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए उन्होंने अस्पताल में एंटी स्नेक वेनम की पर्याप्त उपलब्धता हर समय सुनिश्चित रखने के निर्देश दिए, ताकि आपात स्थिति में मरीजों का तत्काल उपचार किया जा सके।

लैब कक्ष के निरीक्षण के दौरान डीएम ने उपलब्ध जांच सुविधाओं और प्रतिदिन होने वाली जांचों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी आवश्यक जांच सेवाएं बिना किसी बाधा के संचालित रहें और मरीजों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि स्वास्थ्य केंद्रों की व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखी जाएं तथा शासन की मंशा के अनुरूप स्वास्थ्य सेवाओं का प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

मुख्य ख़बरें