पत्नी हत्याकांड का 24 घंटे में खुलासा, मुठभेड़ के बाद आरोपी पति गिरफ्तार,जिले में मुठभेड़ को लेकर उठने लगे सवाल
👉 पत्नी हत्याकांड का पुलिस ने 24 घंटे में किया खुलासा, आरोपी पति मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार।
👉 शाहपुर मोड़ पर चेकिंग के दौरान पुलिस पर फायरिंग का आरोप, जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में लगी गोली।
👉 आरोपी के पास से बाइक, तमंचा व 315 बोर कारतूस बरामद, जिला अस्पताल में भर्ती।
👉 कौशाम्बी में बढ़ती मुठभेड़ों के बीच कार्रवाई को लेकर स्थानीय स्तर पर उठने लगे सवाल।
कौशाम्बी जिले के महेवाघाट थाना क्षेत्र में हुए पत्नी हत्याकांड का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। महेवाघाट पुलिस ने आरोपी पति को शाहपुर मोड़ के पास कथित मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपी को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


जानकारी के अनुसार घोघपुरवा गांव में महिला की हत्या के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। घटना को गंभीरता से लेते हुए एसपी के निर्देशन में पुलिस टीमों का गठन कर आरोपी की तलाश में अभियान चलाया गया। पुलिस कार्रवाई थानाध्यक्ष धीरेंद्र सिंह के नेतृत्व में की गई।
कौशाम्बी एसपी जे.पी. पांडेय के मुताबिक, थाना महेवाघाट पुलिस शाहपुर मोड़ के पास चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान रात करीब 11:30 बजे एक संदिग्ध व्यक्ति बाइक से आता दिखाई दिया। पुलिस द्वारा रोकने का इशारा करने पर वह बाइक मोड़कर कच्चे रास्ते की ओर भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा किया तो कुछ दूरी पर आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में चली गोली आरोपी के पैर में लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। 
पुलिस के अनुसार पूछताछ में गिरफ्तार व्यक्ति पत्नी हत्याकांड का आरोपी निकला। उसके कब्जे से एक बाइक, तमंचा और 315 बोर का कारतूस बरामद होने की बात कही गई है। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ के बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है। वर्ष 2015 में साढ़ू की हत्या के मामले में वह जेल जा चुका था और बाद में जमानत पर रिहा हुआ था।
हालांकि कौशाम्बी में बढ़ती मुठभेड़ की घटनाओं के बीच इस कार्रवाई को लेकर सवाल भी उठने लगे हैं। स्थानीय स्तर पर मुठभेड़ के घटनाक्रम को लेकर संशय और चर्चाओं का दौर जारी है। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।
AMARNATH JHA KAUSHAMBI – 9415254415
