कौशाम्बी में बेखौफ चोरों का आतंक, प्रोफेसर के बंद घर से लाखों की चोरी
कौशाम्बी में प्रोफेसर के बंद घर से लाखों की चोरी, CCTV DVR भी ले गए चोर
कौशाम्बी। कौशाम्बी में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला सैनी कोतवाली क्षेत्र के थुलगुला गांव का है, जहां बेखौफ चोरों ने एक बंद पड़े मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
जानकारी के अनुसार, मकान मालिक प्रोफेसर दीपक यादव कन्नौज में तैनात हैं और घटना के समय घर बंद था। इसी का फायदा उठाकर चोर घर में घुस गए। चोर जेवरात, नकदी, स्कूटी और इनवर्टर बैटरी समेत अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए।
CCTV DVR भी उखाड़ ले गए चोर
चोरों ने अपनी पहचान छिपाने और सबूत मिटाने के लिए घर में लगे CCTV कैमरों का DVR भी उखाड़कर साथ ले गए। इससे पुलिस के सामने जांच की चुनौती बढ़ गई है।
परिजनों को ऐसे हुई घटना की जानकारी
घटना की जानकारी तब हुई जब प्रोफेसर दीपक यादव के साले घर पहुंचे। घर का सामान बिखरा देखकर उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सैनी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई है। वहीं, लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं ने क्षेत्र में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।
रिपोर्ट: अमरनाथ झा, कौशाम्बी
मो.: 9415254415
