कौशाम्बी में 70 करोड़ की पर्यटन परियोजनाएं प्रगति पर, बौद्ध थीम पार्क बनेगा आकर्षण केंद्र , 11.2 एकड़ में आकार ले रही कौशाम्बी की पर्यटन पहचान, गेट- कॉम्प्लेक्स व टीएफसी पर तेज़ी से काम , कौशाम्बी को पर्यटन हब बनाने की तैयारी, एयरपोर्ट–फोरलेन मार्ग पर विकसित हो रहीं बड़ी परियोजनाएं
👉 कौशाम्बी में पर्यटन विकास के लिए 11.2 एकड़ भूमि में लगभग 70 करोड़ रुपये की लागत से गेट कॉम्प्लेक्स, बौद्ध थीम पार्क और टीएफसी परियोजनाओं पर कार्य जारी है।
👉 यूपी पीसीएल द्वारा कराया जा रहा है परियोजनाओं का निर्माण, क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी कीर्तिमान श्रीवास्तव ने कहा दिसम्बर 2026 में पूर्ण हो जाएगा काम…
कौशाम्बी। जनपद कौशाम्बी में पर्यटन विकास को गति देने के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा लगभग 70 करोड़ रुपये की लागत से तीन प्रमुख परियोजनाओं को आकार दिया जा रहा है। ये परियोजनाएं 11.2 एकड़ भूमि में विकसित की जा रही हैं, जिसे सरकार द्वारा अधिग्रहित किया गया है। इस महत्वाकांक्षी योजना के अंतर्गत गेट कॉम्प्लेक्स, बौद्ध थीम पार्क और टूरिस्ट फैसिलिटेशन सेंटर (टीएफसी) का निर्माण कार्य प्रगति पर है। 
परियोजना के तहत बनाए जा रहे गेट कॉम्प्लेक्स में पर्यटकों की सुविधा के लिए शौचालय सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है। वहीं बौद्ध थीम पार्क को अंतरराष्ट्रीय स्तर के पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है, जहां भगवान बुद्ध की 13 विभिन्न आकृतियों की प्रतिमाएं/चित्र, मेडिटेशन सेंटर, बच्चों के लिए फन पार्क और आकर्षक फाउंटेन बनाए जा रहे हैं। इसके साथ ही टीएफसी में पर्यटकों और व्यवसायिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए कॉन्फ्रेंस हॉल, बिज़नेस सेंटर, गैलरी तथा 10 व्यावसायिक दुकानों का निर्माण किया जा रहा है।
इन परियोजनाओं में से एक परियोजना लगभग 24 करोड़ रुपये की लागत से 14 मई 2024 को प्रारंभ की गई थी, जिसे पहले नवंबर 2025 तक पूर्ण किया जाना निर्धारित था। हालांकि, बाद में इसकी समय-सीमा बढ़ाकर दिसंबर 2026 कर दी गई है। वहीं लगभग 23 करोड़ रुपये की लागत से बौद्ध थीम पार्क का निर्माण कार्य भी निरंतर जारी है।

कार्यदाई संस्था द्वारा बौद्ध थीम पार्क सहित अन्य निर्माण कार्यों का 80 प्रतिशत कार्य पूर्ण होने का दावा किया जा रहा है, हालांकि जमीनी स्तर पर कार्य अभी भी प्रगति की अवस्था में दिखाई दे रहा है। सभी परियोजनाओं का निर्माण कार्य यूपी पीसीएल द्वारा कराया जा रहा है।
क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी कीर्तिमान श्रीवास्तव ने बताया कि निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है और सभी परियोजनाएं निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण कर ली जाएंगी। गौरतलब है कि कौशाम्बी एक ऐतिहासिक एवं बौद्ध महत्व का स्थल है, जहां किले सहित अन्य स्थलों पर विदेशी पर्यटकों का नियमित आगमन होता रहता है। यह परियोजना प्रयागराज एयरपोर्ट से कौशाम्बी को जोड़ने वाले फोरलेन मार्ग पर स्थित है, जहां लगभग 465 करोड़ रुपये की लागत से सड़क निर्माण कार्य भी चल रहा है, जिससे पर्यटन को और अधिक बढ़ावा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
अमरनाथ झा पत्रकार – कौशाम्बी (9415254415)
