खेतों के ऊपर लटक रही हाईटेंशन लाइन ,बना है दुर्घटना का खतरा, ग्रामीण चिंतित
👉 भैला मकदूमपुर गाँव में 11KV हाईटेंशन लाइन जमीन से केवल 5 फीट ऊपर झूल रही है।
👉 इससे रोजाना हादसे के खतरे में हैं किसान और पशु । ग्रामीणों ने विद्युत विभाग की लापरवाही पर जताई नाराजगी ।
👉 उन्होंने तुरंत नया खंभा लगाकर तार की ऊँचाई बढ़ाने की मांग की है।
कौशाम्बी। मंझनपुर पावर हाउस के करारी थाना क्षेत्र के भैला मकदूमपुर गाँव में 11KV की हाईटेंशन लाइन जमीन से केवल 5 फीट की ऊँचाई पर झूल रही है, जो किसानों और पशुओं के लिए जानलेवा खतरा बन गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि ट्रैक्टर से खेत जोतते समय तार छूने का खतरा बना रहता है, वहीं पशु भी कई बार इस बिजली लाइन के बेहद नीचे होने के कारण हादसे से बचते-बचते रह गए।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि विद्युत विभाग को कई बार शिकायतों के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि विभाग की लापरवाही कभी भी बड़ी दुर्घटना को जन्म दे सकती है।
ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से मांग की है कि तार के बीच में तुरंत नया खंभा लगाकर इसकी ऊँचाई बढ़ाई जाए, ताकि खेती-किसानी सुरक्षित बनी रहे और किसी भी प्रकार की दुर्घटना को रोका जा सके।
अमरनाथ झा पत्रकार -9415254415
