MP सीएम मोहन यादव-बाबा रामदेव ने किए रामलला के दर्शन:बोले-पुराने जन्मों के पुण्य का फल मिला, हनुमानगढ़ी मंदिर नहीं गए
MP के सीएम डॉ. मोहन यादव शनिवार को अयोध्या पहुंचे। यहां उन्होंने रामलला के दर्शन-पूजन किए। इस दौरान पतंजलि योगपीठ के सह-संस्थापक बाबा रामदेव भी मौजूद रहे। मोहन यादव ने कहा- भगवान राम के धाम आने का मौका मिला। ऐसा लगा कि यह कई युगों के पुराने जन्मों के पुण्य का फल है। भगवान राम माता सरयू के किनारे आनंद के साथ मुस्कुरा रहे हैं। उनके चरणों में सादर प्रणाम करता हूं इससे पहले दोनों ने राम मंदिर के गेट नंबर-11 से प्रवेश किया। दर्शन-पूजन के बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव और बाबा रामदेव एयरपोर्ट के लिए रवाना हो गए। वे हनुमानगढ़ी मंदिर नहीं गए। गोंडा में रामकथा में शामिल हुए इससे पहले गोंडा में राजन जी महाराज की श्रीराम कथा में शामिल हुए। उनके साथ योग गुरू बाबा रामदेव भी थे। महंत आलोक दास जी महाराज और राजकुमार दास जी महाराज ने उनका स्वागत किया। मोहन यादव ने कहा- हम सबके लिए सौभाग्य की बात है कि आज सोमनाथ धाम भी जगमगा रहा है और अयोध्या धाम भी जगमगा रहा है। भगवान की इच्छा होगी तो गोपाल कृष्ण का धाम भी जगमगाएगा। गोंडा के जयप्रभा गांव में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात था। जानकी नगर पोखरा में बने हेलीपैड से लेकर कार्यक्रम स्थल तक भारी संख्या में पुलिस फोर्स की तैनाती की गई थी। मोहन यादव ने कथा के दौरान क्या कहा पढ़िए…
‘मैंने भगवान कृष्ण की लीलाओं के बारे में सुना है’
सीएम मोहन यादव ने कहा- मैंने भगवान कृष्ण की लीलाओं के बारे में सुना है कि वो सोलह कला के थे और नाना प्रकार के रूप की सारी बातें। लेकिन रामदेव जी महाराज को देखता हूं तो लगता है कि वो गोपाल कैसा, वो काल कितना अद्भुत रहा होगा। इसके बाद बाबा रामदेव का अभिनंदन और सभी संतों को प्रणाम किया। हमारे लिए सौभाग्य की बात है कि यशस्वी प्रधानमंत्री के नेतृत्व में धीरे-धीरे देश भर में अब सनातन धर्म की धारा का आनंद है। ‘अयोध्या में भगवान का धाम जगमगा रहा है’
हम सब जानते हैं कि अयोध्या के अंदर सरकारों की कमजोरियों के कारण से भगवान राम के लिए कितने व्यवधान आए। लेकिन प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सुप्रीम कोर्ट के निर्णय को लागू कराया गया। लिए संतों के आशीर्वाद से संविधान की रक्षा भी हुई और आनंद के साथ भगवान का धाम जगमगा रहा है। मैं अपनी ओर से यह कहना चाहूंगा कि मध्य प्रदेश में भगवान श्रीकृष्ण से जुड़े सभी देवस्थानों को विकसित किया जा रहा है। इनमें वे स्थान शामिल हैं, जहां भगवान श्रीकृष्ण की लीलाएं हुईं और जहां उन्होंने शिक्षा प्राप्त की। महर्षि सांदीपनि का आश्रम, जहां भगवान श्रीकृष्ण की सुदामा से मित्रता हुई, वह नारायण धाम, जहां माता रुक्मिणी के हरण के समय युद्ध हुआ और भगवान श्रीकृष्ण एवं परशुराम जी से जुड़ी आध्यात्मिक स्थली जानापाव शामिल हैं। हमारी सरकार इन सभी स्थलों को एक-एक करके देवस्थान की मर्यादा के अनुरूप धार्मिक स्थलों के रूप में स्थापित कर रही है। ‘गोपाल कृष्ण का धाम भी जगमगाएगा’
हम सब जानते हैं कि भगवान कितनी बार परीक्षा लेते हैं। एक बार नहीं, दो बार नहीं। लेकिन दुश्मन कितनी भी बार कुछ भी करे, यह हम सबके लिए सौभाग्य की बात है कि आज सोमनाथ धाम भी जगमगा रहा है और अयोध्या धाम भी जगमगा रहा है। भगवान की इच्छा होगी तो गोपाल कृष्ण का धाम भी जगमगाएगा। …………….. ये खबर भी पढ़िए… धीरेंद्र शास्त्री को कार से कुंडा क्यों लाए राजा भैया, खुद बताई वजह; दिव्य दरबार में चीखकर महिलाएं लोटने लगीं प्रतापगढ़ के कुंडा में राजा भैया के यहां पंडित धीरेंद्र शास्त्री की रामकथा संपन्न हो गई। आखिरी दिन राजा भैया ने कहा- मैं देखना चाहता था कि कौन रोकेगा, इसलिए बाबा बागेश्वर को प्रयागराज से कुंडा तक खुद कार चलाकर लाया। इस दौरान पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का दिव्य दरबार लगा। इसमें एक युवक ने अपनी शर्ट फाड़कर सीना पीटा, तो वहीं कुछ महिलाएं जमीन पर लोटने लगीं। VIDEO देखें…
