78 साल की हेमा मालिनी ने 90 मिनट डांस किया:मां गंगा बनकर क्रेन से स्टेज पर उतरीं, धरती पर अवतरण की लीला दिखाई, VIDEO

0
78 साल की हेमा मालिनी ने 90 मिनट डांस किया:मां गंगा बनकर क्रेन से स्टेज पर उतरीं, धरती पर अवतरण की लीला दिखाई, VIDEO

मथुरा में शुक्रवार को ब्रज रज उत्सव 2026 की शुरुआत सांसद और एक्ट्रेस हेमा मालिनी की नृत्य नाटिका ‘गंगा’ से हुई। 78 साल की हेमा मालिनी ने इसमें मां गंगा का किरदार निभाया। उन्होंने करीब डेढ़ घंटे तक मंच पर डांस और अभिनय किया। इस दौरान गंगा के धरती पर आने से लेकर अभी तक की कहानी दिखाई गई। साथ ही गंगा में बढ़ते प्रदूषण को दिखाकर नदी को बचाने का संदेश दिया गया। हेमा मालिनी ने प्रस्तुति के दौरान सफेद साड़ी और गहने पहने थे। डांस के दौरान उनके हाव-भाव और भाव-भंगिमाएं देखने लायक थीं। दूसरे कलाकारों ने भी गंगा की बदहाली को दिखाया। तस्वीरें देखिए… चार युगों की यात्रा दिखाई कार्यक्रम की शुरुआत मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने दीप जलाकर की। इसके बाद नृत्य नाटिका में राजा भगीरथ की तपस्या दिखाई गई। उन्होंने अपने पूर्वजों के उद्धार के लिए गंगा को धरती पर लाने का संकल्प लिया था। इसके बाद भगवान शिव ने गंगा की तेज धारा को अपनी जटाओं में धारण किया। नृत्य नाटिका में गंगा की कहानी सतयुग से कलयुग तक दिखाई गई। इसमें अलग-अलग युगों में समाज में आए बदलाव और गंगा से लोगों के रिश्ते को नृत्य और अभिनय के जरिए पेश किया गया। इसके साथ ही पौराणिक कथाओं, भारतीय इतिहास और संस्कृति से जुड़े प्रसंग भी दिखाए गए। प्रदूषण से आहत गंगा की पीड़ा दिखाई हेमा मालिनी ने नृत्य नाटिका के जरिए बताया कि जिस नदी को जीवनदायिनी और मोक्षदायिनी माना जाता है, वह आज लापरवाही और प्रदूषण से खत्म होने की कगार पर है। उन्होंने गंगा, यमुना समेत दूसरी नदियों को स्वच्छ रखने और प्राकृतिक धरोहरों के संरक्षण का संदेश दिया। ब्रज रज उत्सव के तहत इस बार वृंदावन के नवनिर्मित स्वामी हरिदास प्रेक्षागृह में भी सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। मथुरा के धौलीप्याऊ स्थित रेलवे ग्राउंड में 24 अक्टूबर से उत्सव की अन्य गतिविधियां शुरू होंगी। हेमा मालिनी बोलीं- नदियों को स्वच्छ रखना है हेमा मालिनी ने कहा- मैं पिछले कुछ वर्षों से प्रयागराज और बनारस जैसी जगहों पर ‘गंगा’ नृत्य नाटिका की प्रस्तुति देती आ रही हूं। मेरी इच्छा थी कि यमुना के तट पर भी इस प्रस्तुति को पेश करूं। इसके जरिए हम नदियों में बढ़ते प्रदूषण को रोकने और उन्हें स्वच्छ रखने का संदेश दे रहे हैं। आगे उत्सव में रेलवे ग्राउंड पर सुदेश भोसले का मिमिक्री और संगीत कार्यक्रम होगा। इसके अलावा सौरभ जैन ‘मेरे कृष्ण’ नाटक की प्रस्तुति देंगे। मैं ब्रजरज उत्सव और ब्रज तीर्थ विकास परिषद का आभार व्यक्त करती हूं। सभी लोगों से अपील है कि वे यहां आएं और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लें। ………………….. यह खबर भी पढ़ें प्रेमानंदजी ने 5 महीने बाद पदयात्रा की: वृंदावन में भक्तों को जयकारे लगाते देख कार से उतरे, पैदल आश्रम तक गए प्रेमानंद महाराज ने 5 महीने के बाद वृंदावन में पदयात्रा की। शुक्रवार सुबह जब वे अपने नए आश्रम से ‘केली कुंज’ आश्रम जा रहे थे, तो रास्ते में वाराह घाट तिराहे पर उन्हें देखकर भक्त भावुक हो गए। पूरी खबर पढ़िए

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

मुख्य ख़बरें