कौशाम्बी में खाद्य विभाग की छापेमारी, हरियाणा से आए 682 पेटी रसगुल्ले पकड़े

0
Kaushambi voice

अझुवा के पीहू मिष्ठान भंडार पर कार्रवाई, ट्रक सील कर थाने में खड़ा कराया; रसगुल्लों समेत बेसन और किशमिश के नमूने जांच को भेजे..
कौशाम्बी। आगामी त्योहारों के मद्देनजर मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिले में छापेमारी अभियान तेज कर दिया है। शुक्रवार शाम सैनी कोतवाली क्षेत्र के अझुवा कस्बे में स्थित पीहू मिष्ठान भंडार पर टीम ने कार्रवाई करते हुए हरियाणा से आए उत्तम ब्रांड के लगभग 682 पेटी रसगुल्ले पकड़े। टीम ने रसगुल्लों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे और संबंधित ट्रक को सील कर थाने में खड़ा करा दिया।

आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन तथा जिलाधिकारी के निर्देश पर मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी शिव प्रताप तिवारी के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी भरत कुमार मिश्र और खाद्य सहायक अनिल कुमार की टीम ने शाम करीब पांच बजे छापेमारी की। इस दौरान रसगुल्लों की पेटियों से नमूने एकत्र किए गए। नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही रसगुल्लों की गुणवत्ता को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
मंझनपुर में भी दुकानों का निरीक्षण…
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मंझनपुर तहसील क्षेत्र में भी विभिन्न दुकानों का निरीक्षण किया। कारोबारियों को खुले में कुट्टू का आटा, कुट्टू की दलिया और अन्य खाद्य सामग्री बेचने से मना किया गया। निरीक्षण के दौरान किसी दुकान पर कुट्टू का आटा या कुट्टू से संबंधित अन्य खाद्य सामग्री नहीं मिली।
बेसन और किशमिश के नमूने भी लिए
टीम ने सिराथू रोड स्थित पीडब्ल्यूडी कॉलोनी के बजरंग इंटरप्राइजेज से बेसन का नमूना लिया। वहीं, चकनगर द्वितीय, सिराथू रोड मंझनपुर स्थित फैमिली मार्ट से किशमिश का नमूना संग्रह कर जांच के लिए भेजा गया।
एक्सपायरी सामान हटाने के निर्देश..
निरीक्षण के दौरान खाद्य कारोबारियों को प्रतिष्ठानों में रखे खाद्य पदार्थों की नियमित जांच करने और एक्सपायरी डेट वाले सामान को तत्काल हटाने के निर्देश दिए गए। विभाग का कहना है कि त्योहारों के दौरान लोगों को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। अब रसगुल्लों, बेसन और किशमिश की जांच रिपोर्ट का इंतजार है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।
अमरनाथ झा पत्रकार -9415254415

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

मुख्य ख़बरें