अखिलेश का रथ रायबरेली पहुंचने से पहले पोस्टर वार:‘वापस जाओ’, ‘माफिया के अखिलेश’ के नारे; आज GIC मैदान में जनसभा
रायबरेली में अखिलेश यादव की PDA रथयात्रा आज दोपहर से शुरू होगी। रथयात्रा से पहले ही पहले सियासी माहौल गरमा गया है। शहर और लखनऊ-रायबरेली मार्ग पर सपा प्रमुख के खिलाफ कई पोस्टर लगाए गए हैं। बछरावां कस्बे और प्रमुख चौराहों पर लगे पोस्टरों में ‘अखिलेश यादव वापस जाओ’ लिखा है। वहीं कुछ पोस्टरों में आजम खान, अतीक अहमद और मुख्तार अंसारी की तस्वीरों के साथ अखिलेश यादव पर निशाना साधा गया है। एक पोस्टर में लिखा है- ‘आजम खान, अतीक अहमद, मुख्तार अंसारी, यही चलाते थे सरकार’। इसके नीचे लिखा गया है- ‘अखिलेश के माफिया, माफिया के अखिलेश’। लखनऊ-रायबरेली मार्ग पर लगाए गए दूसरे पोस्टरों में अखिलेश यादव से सवाल किया गया है- ‘अखिलेश जी, रोड पर 20 करोड़ की वैनिटी दौड़ा रहे, ये सड़क किसने बनवाई?’ इसी के साथ पोस्टर में उनसे कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि देने को लेकर भी सवाल किया गया है। कुछ पोस्टरों में अखिलेश यादव के लिए ‘गिरगिटेश’ शब्द का इस्तेमाल किया गया है। बछरावां में लगे ‘अखिलेश यादव वापस जाओ’ वाले पोस्टर की जिम्मेदारी स्थानीय भाजपा नेता हरिओम चतुर्वेदी ने ली है। पोस्टर लगने के बाद सपा नेताओं में नाराजगी है। आज रायबरेली से शुरू होगी PDA रथयात्रा इन पोस्टरबाजी के बीच अखिलेश यादव गुरुवार को रायबरेली से अपनी PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) रथयात्रा की शुरुआत करेंगे। 2027 विधानसभा चुनाव से पहले यह उनकी चुनावी तैयारियों का अहम पड़ाव माना जा रहा है। अखिलेश यादव रायबरेली के GIC मैदान में जनसभा करेंगे। इसके बाद वह हरचंदपुर से सपा विधायक राहुल लोधी के आवास पर जाएंगे और वहां चाय पीएंगे। वह समाजवादी छात्रसभा के उन कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात करेंगे, जिनकी 17 सितंबर को ABVP और पुलिस अधिकारियों के साथ झड़प हुई थी। पुलिस कार्रवाई से नाराज परिवारों से भी मिलेंगे सपा नेताओं के मुताबिक, अखिलेश यादव जिन जिलों का दौरा करेंगे, वहां अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में ऐसे परिवारों से मुलाकात करेंगे, जो पुलिस या प्रशासन की कार्रवाई से नाराज हैं। पार्टी इसे सिर्फ जनसंपर्क कार्यक्रम के तौर पर नहीं, बल्कि पीडीए सामाजिक गठबंधन को मजबूत करने की रणनीति के तौर पर भी देख रही है। पल-पल की अपडेट के लिए नीचे लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए…
