मंडलायुक्त की सख्ती, खराब रैंकिंग वाले विभागों को सुधार के निर्देश।
प्रयागराज । मंडलायुक्त डॉ. लोकेश एम. की अध्यक्षता में मंगलवार को आयुक्त कार्यालय स्थित गांधी सभागार में मंडलीय समीक्षा बैठक हुई। बैठक में चारों जनपदों के विकास एवं राजस्व कार्यों की जुलाई माह की रैंकिंग की समीक्षा की गई। खराब प्रदर्शन वाले बिंदुओं पर मंडलायुक्त ने अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
विकास कार्यों में प्रयागराज 23वें, फतेहपुर 27वें, कौशाम्बी 9वें और प्रतापगढ़ 38वें स्थान पर रहा। वहीं राजस्व कार्यों में प्रयागराज 70वें, फतेहपुर 64वें, कौशाम्बी 52वें और प्रतापगढ़ 72वें स्थान पर रहे।
जल जीवन मिशन में चारों जनपदों के डी श्रेणी में रहने पर मंडलायुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने जल निगम के अधिकारियों को सभी परियोजनाओं की स्थिति दर्शाने वाला विस्तृत मानचित्र तैयार करने के निर्देश दिए।
कौशाम्बी में कुपोषण पर सवाल
पोषण अभियान की समीक्षा में कौशाम्बी की स्थिति पर मंडलायुक्त ने नाराजगी जताई। तीन माह पहले चिन्हित 51 गंभीर तीव्र कुपोषित (SAM) बच्चों में केवल दो बच्चों के MAM श्रेणी में पहुंचने पर उन्होंने सभी बच्चों की पारिवारिक एवं स्वास्थ्य स्थिति का सत्यापन कराने के निर्देश दिए। प्रत्येक जनपद में 10 बच्चों का रैंडम सत्यापन कर 10 दिन में रिपोर्ट देने को कहा गया।
प्रयागराज में 25 मातृ मृत्यु पर नाराजगी
मातृ मृत्यु निगरानी की समीक्षा के दौरान प्रयागराज के स्वास्थ्य संस्थानों में 25 मातृ मृत्यु सामने आने पर मंडलायुक्त ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने प्रत्येक मामले का कारण पता लगाकर विश्लेषण करने और सुधारात्मक कार्रवाई की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। लापरवाही मिलने पर आशा, आंगनबाड़ी अथवा संबंधित कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश भी दिए।
संस्थागत प्रसव में प्रयागराज करीब 92 प्रतिशत, कौशाम्बी 74 प्रतिशत, प्रतापगढ़ 62 प्रतिशत और फतेहपुर करीब 54 प्रतिशत रहा। फतेहपुर में करीब 45 प्रतिशत प्रसवों की जानकारी उपलब्ध न होने पर भी मंडलायुक्त ने गंभीरता जताई।
बैठक में निर्माण परियोजनाओं की गुणवत्ता, खर्च और समय-सीमा की समीक्षा करते हुए खराब एवं लंबित परियोजनाओं के स्थलीय निरीक्षण के निर्देश दिए गए। वहीं गौशालाओं में सफाई, जल निकासी, प्रकाश, शेल्टर और चिकित्सा सुविधाएं बेहतर करने तथा गोबर से बायोगैस प्लांट की संभावनाएं तलाशने को कहा गया।
अमरनाथ झा पत्रकार -9415254415
