कौशांबी में बारिश और बाढ़ से बिगड़े हालात, दो दर्जन से अधिक घरों में घुसा पानी

0
Kaushambi voice

कौशांबी। जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच मंझनपुर तहसील क्षेत्र के मवई बैरागीपुर गांव में जलभराव से हालात बिगड़ गए हैं। महेवाघाट थाना क्षेत्र के इस गांव में बाढ़ और बारिश का पानी दो दर्जन से अधिक घरों में घुस गया, जिससे ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि राम वन गमन मार्ग के निर्माण के चलते पुल नहीं होने से पानी की निकासी प्रभावित हुई, जिसके कारण गांव में बड़ी मात्रा में पानी जमा हो गया। घरों में पानी घुसने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जलभराव की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। एडीएम शालिनी प्रभाकर, एसडीएम राजकुमार मौर्य, तहसीलदार समेत अन्य अधिकारियों ने गांव पहुंचकर हालात का जायजा लिया।
प्रशासन ने तत्काल राहत और जलनिकासी का काम शुरू कराया। जेसीबी की मदद से नया नाला बनाकर पानी की निकासी का रास्ता तैयार किया जा रहा है, जिससे गांव में जमा पानी को बाहर निकाला जा सके।
सुरक्षा को देखते हुए प्रभावित परिवारों को घरों से निकालकर पंचायत भवन में अस्थायी रूप से शिफ्ट किया गया है। प्रशासन की टीम लगातार मौके पर निगरानी कर रही है और जलनिकासी का काम जारी है।
ग्रामीणों का कहना है कि पानी की निकासी का स्थायी इंतजाम नहीं होने से हर बार बारिश के दौरान जलभराव की समस्या गंभीर रूप ले लेती है। प्रशासन ने फिलहाल प्रभावित परिवारों की सुरक्षा और जलनिकासी को प्राथमिकता दी है।

अमरनाथ झा पत्रकार -9415254415

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *