बाराबंकी में दीवार गिरी, स्कूल जा रहे भाई-बहन की मौत:फर्रुखाबाद में 40 स्कूलों में घुसा पानी, डीएम नाव से पहुंचीं, 10 शहरों में बारिश
यूपी में मानसूनी बारिश का सिलसिला जारी है। गुरुवार सुबह से लखनऊ, सहारनपुर, मेरठ समेत 10 शहरों में बारिश हो रही है। वाराणसी और सड़कों पर पानी भर गया है। प्रयगाराज में बारिश के चलते 8वीं तक स्कूल बंद कर दिए गए हैं। 35 से ज्यादा शहरों में बादल छाए हैं। बाराबंकी में मदरसे में पढ़ने जा रहे 5 बच्चों पर बारिश के चलते जर्जर दीवार गिर गई। पांचों बच्चे मलबे में दब गए। हादसे में भाई (7) औ बहन (14) की मौत हो गई। 3 बच्चों को ग्रामीणों ने मलबे से निकालकर अस्पताल भिजवाया। इधर, लगातार बारिश से नदियां उफान पर हैं। फर्रुखाबाद में गंगा खतरे के निशान के करीब पहुंच गई है। 33 गांव और 40 सरकारी स्कूलों में बाढ़ का पानी घुस गया है। हाईवे के ऊपर से पानी बह रहा है। डीएम अंकुर लाठर नाव से गांवों में पहुंचीं और ग्रामीणों से बाढ़ की जानकारी ली। बलिया में 3 मकान सरयू नदी में समा गए हैं। एक हफ्ते में अब तक 27 घर नदी में समा चुके हैं। लखीमपुर में सड़कों पर मगरमच्छ दौड़ता नजर आया। सांप रसेल वाइपर भी घर में घुस गया। विन विभाग की टीम ने सांप को पकड़कर जंगल में छोड़ा। वाराणसी में गंगा नदी उफान पर है। 40 से 50 छोटे मंदिरों में बाढ़ का पानी घुस गया है। रत्नेश्वर महादेव मंदिर आधे से ज्यादा डूब गया है। आज प्रदेश के 75 जिलों में बारिश का अलर्ट है। इनमें 39 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी है। पिछले 24 घंटों में प्रदेश के 72 जिलों में बारिश हुई। सबसे ज्यादा 69.3 मिमी बारिश बांदा में हुई। प्रदेश में 1 जून से अब तक 25% कम बारिश हुई है। पिछले 48 घंटों में बारिश से जुड़े हादसों में 12 लोगों की मौत हो गई। प्रतापगढ़ में मकान गिरने से 6, बाराबंकी में दीवार गिरने से 2, सहारनपुर में दीवार गिरने से 1, मिर्जापुर में गड्ढे में डूबने से 2 और बिजली गिरने से एक युवक की जान गई है। बाढ़-बारिश की तस्वीरें देखिए- लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- मानसूनी सिस्टम अब यूपी के ऊपर एक्टिव हो गया है। यह दिल्ली, लखनऊ और पटना से होकर गुजर रहा है। इस वजह से कई चक्रवात सक्रिय हो गए हैं। गंगा के मैदानी इलाकों में मानसूनी हवाएं पहुंच गईं हैं। इसके असर से अगले 4 से 5 दिनों तक पूरे प्रदेश में झमाझम बारिश होगी। आज कहां-कहां बारिश की संभावना, देखिए यूपी में मौसम के पल-पल के अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…
