यूपी में रोड पर चली नाव, डैम ओवरफ्लो:4 नदियां खतरे के निशान के पार, मगरमच्छ गांव में घुसा; लखनऊ-गोंडा में बारिश
यूपी में पिछले 15 दिनों से लगातार हो रही बारिश से हालात बिगड़ने लगे हैं। गंगा-यमुना समेत 10 से ज्यादा नदियां उफान पर हैं। बागपत और नोएडा में हिंडन, बदायूं में गंगा, अयोध्या, गोंडा और बलिया में घाघरा, जबकि कुशीनगर में गंडक नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। सोनभद्र में कनहर बांध का जलस्तर बढ़ने के बाद उसके तीन गेट खोल दिए गए हैं। सीतापुर में बनबसा, गिरिजा और घाघरा बैराजों से 3.20 लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद शारदा और घाघरा नदियां उफान पर हैं। दोनों नदियों का पानी गांवों में घुस गया है। एक गांव की कच्ची रोड के ऊपर से पानी बह रहा है। ग्रामीण अब नाव से आ-जा रहे हैं। लखीमपुर खीरी में एक गांव में मगरमच्छ सड़क पर दौड़ता नजर आया। बस्ती में सरयू नदी के किनारे तेजी से कटान हो रहा है। कई पेड़ नदी में समा गए हैं। शुक्रवार सुबह लखनऊ-गोंडा में बारिश हुई। बाराबंकी, आगरा समेत 30 से अधिक जिलों में बादल छाए हुए हैं। आज प्रदेश के 54 जिलों में बारिश का अलर्ट है। गुरुवार को प्रदेश के 42 जिलों में औसतन 2.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। सबसे ज्यादा 13 मिमी बारिश सोनभद्र में हुई। सीएम योगी ने अफसरों को फील्ड में उतरने के आदेश दिए हैं। सीएम ने कहा- अफसर बारिश, बाढ़ और बिजली गिरने से प्रभावित लोगों की हरसंभव मदद करें। 3 तस्वीरें देखिए- लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- मानसून रेखा का दक्षिण की ओर खिसकने और बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के कमजोर होने से अगले 3 दिन बारिश की गतिविधियों में कमी आएगी। मानसूनी सक्रियता फिलहाल पश्चिम-मध्य भारत की तरफ शिफ्ट हो गई है। 3-4 दिन बाद हालात बदलेंगे। 26 और 27 जुलाई से मानसून एक बार फिर सक्रिय होगा। अच्छी बारिश होगी। प्रदेश में आज कहां-कहां बारिश के आसार, देखिए यूपी के मौसम से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए…
