मंझनपुर लूटकांड का पुलिस ने किया खुलासा, मुठभेड़ में दो बदमाश गिरफ्तार; लूट का माल, नकदी और हथियार बरामद
कौशाम्बी: मंझनपुर थाना क्षेत्र में ज्वेलरी कारोबारी से हुई लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुठभेड़ के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार दोनों बदमाश भागने के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग कर रहे थे। जवाबी कार्रवाई में उनके पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के मुताबिक 27 जून 2026 की शाम समदा चौराहा स्थित अपनी ज्वेलरी दुकान बंद कर घर लौट रहे कारोबारी गणेश प्रसाद सोनी से बाइक सवार तीन बदमाशों ने मोबाइल फोन, ज्वेलरी, नकदी और जरूरी दस्तावेजों से भरा बैग लूट लिया था। घटना के बाद एसपी सत्य नारायण के निर्देशन में चार विशेष टीमें गठित कर जांच शुरू की गई।
बुधवार को मंझनपुर पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर कोरो रोड पर घेराबंदी की। खुद को घिरा देख बदमाश खेतों की ओर भागे और पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों घायल हो गए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंचू सोनी उर्फ देवेश वर्मा और राजाराम उर्फ रामराज यादव, निवासी थाना कुंड, जनपद प्रतापगढ़ के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, दो जिंदा व चार खोखा कारतूस, एक किलो से अधिक चांदी, सोने की सिल्ली, ₹50 हजार नकद, लूटा गया वीवो मोबाइल फोन तथा वारदात में प्रयुक्त टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल बरामद की है।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर कौशाम्बी, प्रतापगढ़ और प्रयागराज सहित आसपास के जिलों में चोरी और लूट की घटनाओं को अंजाम देते थे। लूटे गए सोने-चांदी के आभूषणों को गलवाकर सिल्ली बनाकर बेचते थे और रकम आपस में बांट लेते थे। पुलिस के अनुसार दोनों का लंबा आपराधिक इतिहास है और फरार तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।
