कौशाम्बी के सभी थानों में आयोजित हुआ थाना समाधान दिवस, अधिकारियों ने सुनीं जनसमस्याएं

0
hbjfj

कौशाम्बी: जिले के सभी थानों में शनिवार को शासन के निर्देशानुसार थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में फरियादी अपनी विभिन्न समस्याओं और शिकायतों को लेकर थानों पहुंचे, जहां पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों ने उनकी समस्याएं गंभीरता से सुनीं और नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया।

थाना समाधान दिवस में सबसे अधिक भूमि विवाद, कब्जा, पैमाइश और राजस्व संबंधी मामलों की शिकायतें सामने आईं। संबंधित क्षेत्रों के लेखपालों ने शिकायतकर्ताओं से प्रार्थना पत्र प्राप्त कर मामलों की जांच शुरू की तथा निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिलाया। कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि जटिल मामलों को निर्धारित समय सीमा में हल करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

थाना करारी में थाना प्रभारी, राजस्व विभाग के अधिकारियों और लेखपालों की मौजूदगी में फरियादियों की समस्याएं सुनी गईं। इस दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि किसी भी शिकायत को अनदेखा नहीं किया जाएगा और सभी मामलों की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

इसी दौरान गांव भैला मकदूमपुर निवासी अवधेश कुमार ने शिकायत दर्ज कराई कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा के पास शिव लोचन एवं उसके परिजन रात के समय टटिया लगाकर दीवार का निर्माण कर रहे हैं। शिकायतकर्ता ने इसे सार्वजनिक स्थल पर अतिक्रमण बताते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की। मामले में मौजूद अधिकारियों ने शिकायत पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

वहीं संबंधित हल्का लेखपाल पंकज ने बताया कि संबंधित व्यक्ति को पहले भी कई बार निर्माण कार्य रोकने के लिए समझाया गया था, लेकिन वह निर्देशों का पालन नहीं कर रहा है। ऐसे में मामले की जांच कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन का कहना है कि थाना समाधान दिवस का मुख्य उद्देश्य पुलिस एवं राजस्व विभाग के समन्वय से आम जनता की शिकायतों का त्वरित, पारदर्शी और निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित करना है, ताकि लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे अपनी समस्याओं को निर्धारित प्रक्रिया के तहत थाना समाधान दिवस में प्रस्तुत करें, जिससे उनका समयबद्ध समाधान कराया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *