नाबालिग से छेड़खानी का आरोप, पुलिस ने 151 में किया चालान, न्याय की मांग

0
kjjgh

कौशाम्बी। मंझनपुर थाना क्षेत्र के देवी दयाल का पुरवा, मजरा टेंवा गांव में एक नाबालिग बालिका से कथित छेड़खानी और उसकी मां के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि गंभीर आरोपों के बावजूद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं किया और केवल धारा 151 के तहत चालान कर छोड़ दिया।

पीड़िता जय देवी के अनुसार, 23 जून 2026 की शाम करीब 6:30 बजे उनकी नाबालिग पुत्री टीवी चलाने के लिए गई थी। आरोप है कि गांव के ही कामता पुत्र रामबदन ने बालिका का हाथ पकड़कर उसे अपनी ओर खींचा और उसके साथ छेड़खानी की। बालिका के शोर मचाने पर जब उसकी मां मौके पर पहुंचीं और विरोध किया तो आरोपित पक्ष ने उनके साथ भी मारपीट की।

महिला का आरोप है कि इस दौरान ईंट, पत्थर और लाठी-डंडों से हमला किया गया, जिससे उन्हें चोटें आईं। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई, लेकिन छेड़खानी और मारपीट जैसे गंभीर आरोपों की निष्पक्ष जांच करने के बजाय पुलिस ने आरोपियों का केवल धारा 151 के तहत चालान कर दिया।

पीड़िता का कहना है कि अब तक उनकी तहरीर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है। न्याय की मांग को लेकर उन्हें लगातार अधिकारियों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।

जय देवी ने पुलिस अधीक्षक कौशाम्बी सहित अन्य उच्च अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, नाबालिग से छेड़खानी के आरोपों की गंभीरता से जांच करने तथा दोषियों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

नोट: यह समाचार पीड़ित पक्ष द्वारा लगाए गए आरोपों पर आधारित है। मामले में पुलिस अथवा आरोपित पक्ष का आधिकारिक पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

मुख्य ख़बरें