रिटायर्ड फौजी की जमीन पर कब्जे की कोशिश का आरोप, DM से लगाई न्याय की गुहार
कौशाम्बी। जनपद के कोखराज थाना क्षेत्र के चंदीपुर परसरा गांव में एक रिटायर्ड फौजी ने अपनी भूमि पर अवैध कब्जे की कोशिश किए जाने का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित धर्म नारायण का कहना है कि गांव निवासी बिंदेश्वरी प्रसाद (निवासी माझियावा) उनकी जमीन पर जबरन कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं।
पीड़ित द्वारा जिलाधिकारी को दिए गए शिकायती पत्र के अनुसार, वह अपनी भूमि पर निर्माण कार्य करा रहे थे। इसी दौरान आरोपित पक्ष ने निर्माण कार्य में बाधा डालते हुए कब्जा करने का प्रयास किया। विरोध करने पर उन्हें कथित रूप से जान से मारने की धमकी भी दी गई।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपित को कुछ प्रभावशाली लोगों का संरक्षण प्राप्त है, जिससे उसके हौसले बुलंद हैं। पीड़ित ने भाजपा के जिला महामंत्री ज्योति पर भी आरोपित पक्ष की सहायता करने का आरोप लगाया है।
धर्म नारायण ने अपने प्रार्थना पत्र में यह भी उल्लेख किया है कि बिंदेश्वरी प्रसाद पर पूर्व में भी जमीन विवादों में हस्तक्षेप और कब्जा कराने के आरोप लग चुके हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि करारी थाना क्षेत्र के अरका फतेपुर गांव में भी कथित रूप से पैसे लेकर जमीन कब्जा कराने का प्रयास किया गया था, जिससे कई बार विवाद और झगड़े की स्थिति उत्पन्न हुई तथा सगे भाइयों के बीच भी गंभीर विवाद पैदा हो गया।
रिटायर्ड फौजी ने जिलाधिकारी से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच, भूमि की पैमाइश, परिवार की सुरक्षा तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन ने हस्तक्षेप नहीं किया तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।
फिलहाल मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर जारी है। प्रशासन का कहना है कि शिकायत प्राप्त होने के बाद नियमानुसार जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
(नोट: यह समाचार शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए आरोपों पर आधारित है। संबंधित पक्ष का पक्ष या प्रशासनिक जांच का अंतिम निष्कर्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।)
