कौशाम्बी में भीषण सड़क हादसा, ट्रैक्टर की टक्कर से ऑटो सवार दो लोगों की मौत, पांच घायल

0
oiuy56y

कौशाम्बी। जनपद के मंझनपुर थाना क्षेत्र में बुधवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रैक्टर और ऑटो की आमने-सामने हुई टक्कर में ऑटो सवार दो लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।

घटना की सूचना मिलते ही थाना मंझनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एम्बुलेंस के जरिए अस्पताल भिजवाया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।

पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना कैसे हुई, इसकी जांच की जा रही है तथा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक कौशाम्बी सत्यनारायण ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे में दो लोगों की मृत्यु हुई है, जबकि पांच घायलों का उपचार कराया जा रहा है। दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस मृतकों की पहचान कराने तथा उनके परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया में जुटी हुई है। वहीं स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

मुख्य ख़बरें