SC/ST आयोग सदस्य के निरीक्षण पर सफाई कर्मियों ने उठाए सवाल, बोले- समस्याओं पर नहीं हुई चर्चा
भरवारी, कौशाम्बी। उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति एवं जनजाति आयोग के सदस्य रमेश चन्द्र कुंडे ने गुरुवार को नगर पालिका परिषद भरवारी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नगर क्षेत्र की साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया तथा नियमित एवं आउटसोर्सिंग सफाई कर्मियों से संवाद किया। कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद भरवारी की अध्यक्ष कविता पासी और अधिशासी अधिकारी राम सिंह भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के बाद कई सफाई कर्मियों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि उन्हें पहले से यह जानकारी नहीं दी गई थी कि आयोग सदस्य किस उद्देश्य से आ रहे हैं। उनका आरोप है कि ड्यूटी पर मौजूद कुछ कर्मचारियों को अचानक बुलाकर बैठक में बैठा दिया गया और केवल औपचारिक बातचीत कर कार्यक्रम समाप्त कर दिया गया।
सफाई कर्मियों का कहना है कि नगर पालिका क्षेत्र में अर्चना एसोसिएट के माध्यम से लगभग 500 से अधिक आउटसोर्सिंग कर्मचारी कार्यरत हैं, जबकि कई संविदा कर्मी भी सेवाएं दे रहे हैं। इसके बावजूद उनकी मूलभूत समस्याओं पर कोई गंभीर चर्चा नहीं हुई।
कर्मचारियों ने बताया कि आज भी कई सफाई कर्मियों के श्रम विभाग के कार्ड, ई-श्रम कार्ड तथा अन्य आवश्यक दस्तावेज नहीं बने हैं। इसके कारण वे सरकार की विभिन्न श्रमिक कल्याण योजनाओं और अन्य सुविधाओं का लाभ नहीं ले पा रहे हैं।
सफाई कर्मियों ने मांग की कि केवल निरीक्षण और औपचारिक बैठकें आयोजित करने के बजाय उनकी वास्तविक समस्याओं का समाधान कराया जाए। उनका कहना है कि आउटसोर्सिंग और संविदा कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा तथा उन्हें आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना भी प्रशासन की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के उपरांत आयोग सदस्य रमेश चन्द्र कुंडे सिराथू एवं नगर पंचायत अझुवा के लिए रवाना हो गए। वहीं सफाई कर्मियों को उम्मीद है कि उनकी समस्याओं पर भी जल्द प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।
