मालवाहनों में सवारी ढोने वालों पर परिवहन विभाग का शिकंजा, 3 वाहन सीज
कौशाम्बी। जनपद में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एआरटीओ प्रवर्तन तारकेश्वर मल्ल के नेतृत्व में सघन वाहन चेकिंग अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई।
जांच के दौरान कड़ा धाम जा रहे श्रद्धालुओं से भरे एक पिकअप वाहन को पकड़ा गया। परिवहन विभाग के अनुसार मालवाहक वाहन में सवारियां ढोना यातायात नियमों का गंभीर उल्लंघन है। मामले को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने वाहन को तत्काल सीज कर दिया तथा चालक के ड्राइविंग लाइसेंस के निलंबन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।
अभियान के दौरान कुल 5 वाहनों का चालान किया गया, जबकि विभिन्न अनियमितताओं के चलते 3 वाहनों को सीज किया गया। इसके अलावा शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए 2 चालकों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
एआरटीओ प्रवर्तन तारकेश्वर मल्ल ने कहा कि मालवाहक वाहनों में यात्रियों को बैठाकर यात्रा कराना दुर्घटनाओं को आमंत्रित करने जैसा है। ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने की अपील की।
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा को लेकर यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। विभाग की इस कार्रवाई से वाहन चालकों में हड़कंप मचा हुआ है।
