स्नेक गर्ल को सांप ने डसा, VIDEO:लखीमपुर में खुद बाइक चलाकर अस्पताल पहुंचीं, अब तक 400 सांपों का रेस्क्यू कर चुकीं
लखीमपुर की फेमस सर्प मित्र नाजरून निशा को रैट स्नेक ने काट लिया। शनिवार को वह सांप को पकड़कर बैग में भर रही थीं, तभी सांप ने उनके हाथ में काट लिया। इसके बाद वह खुद बाइक चलाकर अस्पताल पहुंचीं और प्राथमिक उपचार लिया। सीएचसी अधीक्षक डॉ. भरत सिंह ने बताया- रैट स्नेक ने नाजरून को काटा था। यह सांप जहरीला नहीं होता है। फिर भी एहतियात के तौर पर उन्हें एंटी-वेनम इंजेक्शन और टिटनेस का इंजेक्शन लगाया गया। अब वह पूरी तरह ठीक हैं। नाजरून अब तक करीब 400 सांपों का रेस्क्यू कर चुकी हैं। लखीमपुर में लोग इन्हें स्नेक गर्ल के नाम से जानते हैं। पढिए पूरा मामला… मामला पलिया के अजीत नगर का है। यहां एक किराना की दुकान में शनिवार को 6 फीट लंबा रैट स्नेक (धामन) घुस गया था। काफी देर तक ग्रामीणों ने उसे पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह बाहर नहीं आया। इसके बाद उन्होंने फोन करके नाजरून को बुलाया। नाजरून ने बताया कि मैंने सांप को सावधानी से एक कोने में घेर लिया और बिना किसी उपकरण के हाथ से पकड़कर बैग में डालने की कोशिश की। इसी दौरान सांप ने मेरे हाथ में काट लिया। इसके बाद मैं खुद बाइक चलाकर अस्पताल पहुंचीं। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज किया और फिर मुझे घर भेज दिया। एक दिन पहले, 12 जून को मैंने छह अलग-अलग जगहों से 6 सांपों का रेस्क्यू किया था। सांपों के अलावा मगरमच्छों का भी रेस्क्यू करती हैं नाजरून नाजरून दुधवा फाउंडेशन से जुड़ी हैं और 2 सालों से सांपों का रेस्क्यू कर रही हैं। उन्होंने सांप और मगरमच्छों के व्यवहार को समझने के लिए विशेष ट्रेनिंग ली है। इसके बाद वह वन विभाग के साथ मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन में हिस्सा लेती हैं। गांव या आबादी वाले इलाकों में सांप निकलने की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचती हैं, सांप को सुरक्षित पकड़ती हैं और जंगल में छोड़ देती हैं। बरसात और बाढ़ के मौसम में जब मगरमच्छ आबादी वाले इलाकों तक पहुंच जाते हैं, तब वह वन विभाग की टीम के साथ मिलकर उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने का काम करती हैं। नाजरून का कहना है कि वन्यजीवों को मारने के बजाय उन्हें बचाया जाना चाहिए। जिस सांप ने नाजरून को काटा, उसके बारे में जानिए
रैट स्नेक एक बिना जहर वाला सांप होता है। यह आमतौर पर खेतों, गांवों, घरों के आसपास और गोदामों में पाया जाता है। यह मुख्य रूप से चूहों और छोटे जीवों का शिकार करता है।
——————————- ये खबर भी पढ़िए- पति की लाश से पत्नी ने मांग में सिंदूर भरवाया:रोते हुए बोलीं- अब चूड़ियां कैसे उतारूं, प्रयागराज में 4 दोस्तों की हुई थी मौत
उन्नाव में सड़क हादसे में जान गंवाने वाले अनुपम से पत्नी ने आखिरी बार मांग में सिंदूर भरवाया। शनिवार सुबह अनुपम का शव उन्नाव से प्रयागराज उनके घर पहुंचा, तो पत्नी प्रिया बेसुध हो गईं। रोते-रोते शव के पास बैठ गईं। इसी दौरान एक महिला सिंदूरदान लेकर आई। पूरी खबर पढ़िए…
