वायरल वीडियो से नगर पंचायत शंकरगढ़ में मचा हड़कंप, फाइलों और भुगतान व्यवस्था पर उठे सवाल
रिपोर्ट -अमरनाथ झा पत्रकार -9415254415..
शंकरगढ़, प्रयागराज। नगर पंचायत शंकरगढ़ का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्थानीय प्रशासनिक कार्यप्रणाली को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। वीडियो सामने आने के बाद नगर पंचायत में संचालित फाइलों, टेंडर प्रक्रियाओं, भुगतान व्यवस्था और विकास कार्यों को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। हालांकि वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।


स्थानीय सभासदों और नागरिकों का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कर वास्तविक स्थिति सार्वजनिक की जानी चाहिए। सभासदों का आरोप है कि अधिशाषी अधिकारी का पद लंबे समय से रिक्त रहने के बावजूद प्रशासनिक और वित्तीय फाइलों का संचालन किस व्यवस्था के तहत किया जा रहा था, यह जांच का विषय है।
उनका कहना है कि विकास कार्यों से जुड़े प्रस्ताव, वर्क ऑर्डर, भुगतान और अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों की निगरानी किस स्तर पर की जा रही थी, इसकी भी जांच होनी चाहिए। वायरल वीडियो के बाद इन सवालों ने और अधिक तूल पकड़ लिया है।
वित्तीय पारदर्शिता को लेकर भी उठे सवाल
कुछ सभासदों का दावा है कि वे लंबे समय से कथित वित्तीय अनियमितताओं, संसाधनों के उपयोग, तेल खर्च, भुगतान प्रक्रिया और विकास कार्यों में पारदर्शिता को लेकर आवाज उठाते रहे हैं। उनका आरोप है कि कई शिकायतें उच्चाधिकारियों तक पहुंचाई गईं, लेकिन अपेक्षित स्तर पर जांच नहीं हो सकी।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सरकारी धन और करदाताओं के पैसे का उपयोग पूरी पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ होना चाहिए। वहीं कुछ जनप्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि विकास कार्यों में सभी वार्डों को समान प्राथमिकता नहीं मिलने से लोगों में असंतोष है।
सभासदों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, वित्तीय एवं प्रशासनिक अभिलेखों के विशेष ऑडिट तथा यदि कोई अनियमितता सामने आती है तो जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल वायरल वीडियो के बाद नगर पंचायत शंकरगढ़ की कार्यप्रणाली को लेकर चर्चाएं तेज हैं और क्षेत्र की निगाहें प्रशासनिक जांच एवं उसके निष्कर्षों पर टिकी हुई हैं। :::
