भरवारी रेलवे स्टेशन पर दर्दनाक घटना: घर बात करने के बाद छात्रा ने ट्रेन के आगे लगाई छलांग, मौत

0
b6e5e384-941a-42c2-a596-b4c9d9550b6a (1)

कौशाम्बी। जिले के कोखराज थाना क्षेत्र स्थित भरवारी रेलवे स्टेशन पर सोमवार शाम एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां कक्षा 8 की एक छात्रा ने ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जान दे दी। घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार करारी थाना क्षेत्र के बड़ाई बंधवा गांव निवासी लक्ष्मी देवी (14 वर्ष) पुत्री झुल्लर सरोज सोमवार शाम भरवारी रेलवे स्टेशन पर काफी देर तक घूमती रही। इसी दौरान वहां पुलिस भर्ती परीक्षा देने आई एक महिला अभ्यर्थी से उसने मोबाइल फोन लेकर अपने घर पर बात की।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक फोन पर बातचीत समाप्त होने के कुछ ही देर बाद कानपुर से प्रयागराज की ओर जा रही एक एक्सप्रेस ट्रेन के सामने छात्रा ने छलांग लगा दी। महिला अभ्यर्थी ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन छात्रा उसके हाथ से छूटकर ट्रेन के सामने पहुंच गई। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी।

करीब एक घंटे बाद मृतका का बड़ा भाई मुकेश स्टेशन पहुंचा। उसने बताया कि घर पर सूचना मिली थी कि उसकी बहन भरवारी रेलवे स्टेशन पर मौजूद है। मृतका कक्षा 8 की छात्रा थी और परिवार में दो भाई तथा छह बहनें हैं।

घटना के बाद मां सुनीता देवी, पिता झुल्लर सरोज और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल छात्रा के इस कदम के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है और सभी पहलुओं पर जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

मुख्य ख़बरें