बुलंदशहर के ADM की हार्ट अटैक से मौत:लखनऊ PGI में ली आखिरी सांस, दो साल पहले हुई थी तैनाती
बुलंदशहर के एडीएम न्यायिक भरतराम यादव की हार्ट अटैक से मौत हो गई। मंगलवार रात 10 लखनऊ पीजीआई में उन्होंने अंतिम सांस ली। रविवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। उन्हें हार्ट अटैक के साथ ब्रेन हेमरेज हुआ था। पहले नोएडा के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत में सुधार नहीं होने पर मंगलवार सुबह बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर किया गया था। डॉक्टरों की कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। उनकी उम्र 57 साल थी। वह बुलंदशहर में दो साल से पोस्टेड थे। उनके निधन की खबर मिलते ही जिला प्रशासन में शोक छा गया। अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके असामयिक निधन पर दुख जताते हुए उन्हें एक समर्पित और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी बताया। नोएडा के अस्पताल में स्वास्थ्य में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर मंगलवार सुबह उन्हें लखनऊ के संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) भेजा गया। यहां डॉक्टरों की टीम लगातार उनका इलाज कर रही थी। हालांकि, मंगलवार रात करीब 10 बजे उनका निधन हो गया। दो साल से बुलंदशहर में दे रहे थे सेवाएं भरतराम यादव करीब दो साल से बुलंदशहर में एडीएम न्यायिक के पद पर तैनात थे। अपने कार्यकाल के दौरान वह मिलनसार स्वभाव, कर्तव्यनिष्ठा और कार्यशैली के लिए जाने जाते थे। उनके निधन से जिला प्रशासन ने एक अनुभवी अधिकारी खो दिया है। अधिकारियों और कर्मचारियों ने जताया दुख निधन की सूचना मिलने के बाद कलेक्ट्रेट समेत विभिन्न कार्यालयों में अधिकारियों और कर्मचारियों ने शोक व्यक्त किया। प्रशासनिक अधिकारियों ने शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदनाएं जताईं और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। उनके असामयिक निधन से प्रशासनिक महकमे में गहरा दुख है।
