हिसाब के बहाने बुलाकर सब्जी विक्रेता से मारपीट का आरोप, ₹1500 छीनने की शिकायत

0
Kaushambi voice

👉 जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने और एक घंटे तक बंधक बनाने का आरोप, पीड़ित ने थाना राजापुर में दी तहरीर..
चित्रकूट/कौशांबी। चित्रकूट जनपद के राजापुर में सब्जी के पुराने हिसाब के बहाने बुलाकर एक सब्जी विक्रेता के साथ मारपीट करने, जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने, ₹1500 छीनने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित जय लाल पुत्र स्वर्गीय मिट्ठू लाल, निवासी ग्राम बैरमपुर, थाना पश्चिम शरीरा, जनपद कौशांबी ने पवन कुमार केसरवानी और उसके भाई लखन केसरवानी पर गंभीर आरोप लगाते हुए थाना राजापुर में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित के अनुसार, वह पिछले 10 से 12 वर्षों से राजापुर के थोक सब्जी विक्रेता पवन कुमार केसरवानी और उसके भाई की दुकान से सब्जी खरीदता रहा है। आरोप है कि 19 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब 11 बजे वह राजापुर में अनिल सोनकर के यहां से सब्जी ले रहा था। इसी दौरान लखन केसरवानी ने पुराने हिसाब का निपटारा करने की बात कहकर उसे अपने भाई की दुकान पर बुलाया।
जय लाल का आरोप है कि दुकान पर पहुंचते ही पवन केसरवानी गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए अपमानित किया गया। इसके बाद दोनों भाइयों ने कथित तौर पर उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट की। पीड़ित का कहना है कि उसे जमीन पर पटक दिया गया और उसकी शर्ट व बनियान फाड़ दी गई।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि मारपीट के दौरान उसके पास रखे ₹1500 छीन लिए गए और उसे करीब एक घंटे तक जबरन रोके रखा गया। पीड़ित के मुताबिक, मारपीट के दौरान वह बेहोश हो गया था। होश आने के बाद जब वह दुकान के पास बैठा, तो आरोपियों ने दोबारा गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।

पीड़ित ने अपने शरीर में अंदरूनी चोटें आने की बात कहते हुए चिकित्सीय परीक्षण कराने, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज करने और दुकान के सीसीटीवी फुटेज की जांच कराने की मांग की है। उसने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई और अपनी जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की गुहार लगाई है।
अमरनाथ झा पत्रकार – 9415254415

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

मुख्य ख़बरें