आगरा में गणेश पंडाल के बाहर भिड़े युवक, पथराव:लड़की के साथ देखकर थप्पड़ जड़े तो 25 दोस्तों को बुलाकर हमला किया
आगरा में गणेश पंडाल के बाहर दो गुट भिड़ गए। जमकर पथराव हुआ। रविवार रात 11 बजे पंडाल में एक गुट भजन-कीर्तन कर रहा था। तभी दूसरे गुट के 20-25 लोग लाठी-डंडे लेकर पहुंचे और हमला कर दिया। इसके बाद कीर्तन कर रहे लोग जान बचाकर भागे। कुछ लोग घरों में घुस गए। फिर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और दोनों तरफ से ईंट-पत्थर चलने लगे। इसी बीच कीर्तन कर रहे लोगों ने दौड़ाकर 2 हमलावरों को पकड़ लिया और उनकी पिटाई कर दी। हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों युवकों को छुड़ाया। पूछताछ में दोनों ने अपने नाम लकी और देव बताए। उन्होंने कहा- शनिवार रात जागरण कार्यक्रम के दौरान वे एक परिचित लड़की से बात कर रहे थे। इसी दौरान प्रवेश, मनीष और उनके दोस्तों ने उनसे पूछताछ की। मनीष और प्रवेश ने दोनों को थप्पड़ जड़ दिए। इसका बदला लेने के लिए उन्होंने साथियों के साथ हमला किया। घटना सदर थाना क्षेत्र की शहजादी मंडी की है। इलाके में फोर्स तैनात कर दी गई है। 4 तस्वीरें देखिए… पहले कहासुनी हुई, फिर लाठी-डंडों से हमला किया शहजादी मंडी में गणेश पंडाल लगा हुआ है। यहां रहने वाले प्रवीण अग्रवाल ने बताया- रविवार रात करीब 11 बजे पंडाल में भजन-कीर्तन चल रहा था। हम लोग पंडाल में बैठे थे। इसी दौरान ताजगंज मोहल्ले के 20-25 युवक लाठी-डंडे लेकर वहां पहुंचे। पंडाल में बैठे कुछ युवकों से उनकी कहासुनी हो गई। कहासुनी के बाद दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। ताजगंज से आए युवकों ने लाठी-डंडों से हमला किया और पत्थर फेंकने लगे। हम लोग जान बचाकर भागे। इसी दौरान ईंट का एक टुकड़ा जागरण कमेटी के एक सदस्य को लग गया। इसके बाद कमेटी के सदस्यों ने युवकों को दौड़ाकर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। डीसीपी सय्यद अली अब्बास ने बताया- गणेश कमेटी ने थाने में शिकायत दी है। दोनों आरोपियों का मेडिकल कराया गया है। पुलिस फरार आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। उन्होंने कहा कि आरोपियों ने इलाके का माहौल खराब करने की कोशिश की है। उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। …………………… ये खबर भी पढ़िए- 60-65 साल के बुजुर्ग बने छठी क्लास के बच्चे:आगरा में स्कूल में गिल्ली-डंडा खेला; रेलगाड़ी बनाकर दौड़े; फिर से बचपन जीया आगरा के राजकीय इंटर कॉलेज में 60-65 साल के पूर्व छात्र छठी क्लास की यूनिफॉर्म में स्कूल लौटे। सफेद कमीज, काली पैंट और गले में पानी की बोतल लटकाए इन दोस्तों ने अपने बचपन के दिनों को फिर से जीया। किसी ने स्कूल के गेट से दौड़ते हुए एंट्री की, तो किसी ने क्लास में बैठकर शरारत की। ये दोस्त रिटायर्ड आईपीएस अधिकारी, डॉक्टर, अकाउंटेंट और शिक्षक हैं। कॉलेज के इन पूर्व छात्रों ने करीब 7 साल पहले स्कूल लाइफ फिर से जीने के लिए यह वीडियो बनाया था। पढ़ें पूरी खबर
