कौशांबी में 11 मौतों का जिम्मेदार कौन?:2 साल पहले लाइसेंस सस्पेंड, जेल गया था मालिक; फिर कैसे चलती रही पटाखा फैक्ट्री
कौशांबी में पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट में 11 लोगों की मौत हो गई। इन मौतों ने पूरे सिस्टम पर सवाल खड़े कर दिए। सबसे बड़ा सवाल है, आखिर इन मौतों का जिम्मेदार कौन है? जिस फैक्ट्री में धमाका हुआ, उसका लाइसेंस 2 साल पहले ही सस्पेंड हो चुका था। तब मालिक को अवैध विस्फोटक रखने के आरोप में जेल भी भेजा गया था। जेल से बाहर आने के बाद वह दोबारा आबादी के बीच बड़ी मात्रा में पटाखे और बारूद जमा करता रहा। इसके बावजूद जिम्मेदार विभागों को इसकी भनक तक नहीं लगी। अब इस बात की जांच होगी कि उसने दोबारा कारोबार कैसे शुरू किया? घटना से जुड़ी तस्वीरें देखिए… 25 हजार की आबादी वाला गांव, नई बस्ती बस रही कौशांबी से 35 किमी दूर पिपरी थाना क्षेत्र में मनौरी गांव है। आबादी 25 हजार है। गांव से बाहर 1 किमी की दूरी पर नई बस्ती बस रही है। 8-10 घर बन चुके हैं। यहीं पर नौशाद अली ने कई साल पहले पटाखा फैक्ट्री का लाइसेंस लिया था। 8 अक्टूबर, 2024 को जांच में उसके गोदाम से 1200 किलो बारूद और अन्य विस्फोटक सामग्री बरामद हुई थी। इसके अगले दिन नौशाद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। उसका लाइसेंस भी सस्पेंड कर दिया गया। नौशाद की ही फैक्ट्री में 31 अगस्त (सोमवार) को विस्फोट हो गया। विस्फोट इतना भीषण था कि पूरी फैक्ट्री जमींदोज हो गई। 100 मीटर के दायरे में बने 8 मकान क्षतिग्रस्त हो गए। 3 तो पूरी तरह से ढह गए। जेल से छूटा और फिर शुरू किया ‘बारूद का खेल’ जेल से बाहर आने के बाद नौशाद ने दोबारा पटाखों का कारोबार शुरू कर दिया। इस बार परिवार के दूसरे लोग भी उसके साथ जुड़ गए। इनमें उसका भाई शकील, बेटा आदिल और परिवार की महिलाएं भी शामिल हैं। पटाखों का भंडारण जारी रहा। इसका नतीजा विस्फोट के रूप में सामने आया, जिसने कुछ सेकेंड में कई घरों को मलबे में बदल दिया। 11 परिवारों से उनके अपने छीन लिए। जानिए 4 जिम्मेदार कौन? 1- पिपरी थानाध्यक्ष विकास सिंह विस्फोट की जगह पिपरी थाना क्षेत्र में आती है। थानाध्यक्ष विकास सिंह पर अपने क्षेत्र में होने वाली अवैध गतिविधियों की निगरानी और कार्रवाई की जिम्मेदारी थी। सवाल है कि आबादी के बीच सैकड़ों किलो बारूद और बड़ी मात्रा में पटाखे जमा किए जाते रहे, लेकिन पुलिस को इसकी भनक तक क्यों नहीं लगी? 2- सीओ चायल शिवांक सिंह सीओ चायल शिवांक सिंह के जिम्मे अपने इलाके के थानों की निगरानी की जिम्मेदारी भी है। इसके बावजूद जिस व्यक्ति को 2 साल पहले अवैध बारूद रखने के मामले में जेल भेजा गया था, वह दोबारा उसी इलाके में बड़ी मात्रा में बारूद जमा करता रहा। पुलिस को इसकी जानकारी क्यों नहीं हुई? क्या थाना स्तर पर कार्रवाई की समीक्षा हुई? क्या संवेदनशील लाइसेंसधारियों और पूर्व में विस्फोटक अधिनियम से जुड़े मामलों की निगरानी की गई? इन सवालों के जवाब अब जांच में तलाशने होंगे। 3- एसडीएम चायल प्रेरणा गौतम मामले में प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। आबादी के बीच पटाखों का कारोबार कैसे चलता रहा? क्या तहसील प्रशासन ने कभी मौके पर जाकर जांच की? जिस जमीन पर गोदाम और फैक्ट्री चल रही थी, वहां पटाखों का कारोबार करने की अनुमति थी या नहीं? अगर फैक्ट्री का लाइसेंस पहले ही सस्पेंड हो चुका था, तो उसके बाद प्रशासन ने वहां चल रही गतिविधियों की जांच क्यों नहीं की? 4- मुख्य अग्निशमन अधिकारी मंगेश कुमार पटाखों से जुड़ी गतिविधियों में अग्निसुरक्षा सबसे अहम होती है। ऐसे में मुख्य अग्निशमन अधिकारी मंगेश कुमार की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। लाइसेंस सस्पेंड होने के बाद क्या फायर विभाग ने मौके पर जाकर जांच की? क्या यह देखा गया कि वहां अवैध तरीके से पटाखे या विस्फोटक तो जमा नहीं किए जा रहे थे? क्या स्थानीय फायरकर्मियों ने कभी इस जगह की जानकारी या रिपोर्ट विभाग को दी? धमाके की भयावहता ने खोली बारूद के भंडारण की पोल धमाका इतना तेज था कि इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि वहां बड़ी मात्रा में बारूद जमा था। धमाके की आवाज करीब 2 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। मलबा और फैक्ट्री का सामान करीब 500 मीटर दूर तक बिखर गया। ईंट, सरिया और आसपास के मकानों का मलबा भी दूर तक जा गिरा। 200 मीटर दूर 3 मंजिला मकान की दीवारें उड़ीं धमाका इतना तेज था कि टूटे हुए एक मकान का आरसीसी पिलर करीब 500 मीटर दूर जाकर गिरा। फैक्ट्री से 200 मीटर दूर बने 3 मंजिला मकान की पहली और दूसरी मंजिल की एक तरफ की दीवारें उड़ गईं। आसपास के 5 मकानों के पीछे का हिस्सा भी पूरी तरह ढह गया। 33 हजार वोल्ट की लाइन का टावर भी क्षतिग्रस्त विस्फोट इतना तेज था कि करीब 200 मीटर दूर 33 हजार वोल्ट की बिजली लाइन का टावर भी क्षतिग्रस्त हो गया। मलबा और सामान टावर तक जा पहुंचा। बिजली की लाइन को भी नुकसान हुआ। देर शाम तक बिजलीकर्मी लाइन की मरम्मत में जुटे रहे। 9 घंटे तक मलबे में लोगों को तलाशते रहे जवान हादसे के बाद सबसे बड़ी चुनौती मलबे में दबे लोगों को तलाशने की थी। दोपहर 12 बजे शुरू हुआ रेस्क्यू ऑपरेशन रात 9 बजे तक चला। फायर ब्रिगेड और एनडीआरएफ की टीमें लगातार मलबा हटाकर लोगों की तलाश करती रहीं। मौके पर 10 जेसीबी, 11 दमकल की गाड़ियां और 14 एंबुलेंस लगाई गई थीं। पड़ोसी बोला- मैं परिवार को लेकर भागा पटाखा फैक्ट्री से 50 मीटर दूर रहने वाले शिवम गुप्ता बताते हैं- सुबह करीब 11:35 बजे मैं नहा रहा था। पहले बिजली चली गई। मुझे लगा कि फॉल्ट होगा। इसके बाद धमाके शुरू हो गए, लेकिन हमें पता ही नहीं चला। पीछे मेरा मकान भी गिर गया, लेकिन मुझे इसका पता नहीं चला। इसके बाद जैसे ही मुझे पता चला, मैं अपने घर में मौजूद 2 भांजियों, भाभी और बहन को लेकर बाहर की तरफ भागा। इससे हम लोग बच गए। बाकी आसपास के मकानों में रहने वाले लोग चपेट में आ गए। उस फैक्ट्री में 6-7 महीने से पटाखे बन रहे थे। पहले सामने वाली फैक्ट्री में पटाखे बनते थे। उसे सील कर दिया गया, तो इधर बनाने लगे थे। बुजुर्ग बोला- सब कुछ बर्बाद हो गया एक बुजुर्ग मुनीश कुमार पांडे ने बताया- पटाखा फैक्ट्री के अगल-बगल जितने मकान थे, सब गिर चुके हैं। यहीं मेरा मकान था। उसमें ट्यूबवेल भी था, लेकिन सब बर्बाद हो गया। वहीं, अजय सिंह ने बताया- मुझे जैसे ही पता चला कि जहां मेरे भाई काम कर रहे हैं, वहां विस्फोट हो गया, तो हम भागकर यहां आए। यहां पता चला कि भाई की मौत हो गई है। मेरे भाई का नाम ज्ञान सिंह है। बगल में बूंदी बनाने का काम हो रहा था। वह वहीं काम कर रहा था। महिला बोली- पूरी बस्ती-बच्चों का नाश कर दिया प्रयागराज में स्वरूप रानी अस्पताल पहुंची रानी ने बताया- बिजली का खंभा गिरने के बाद फैक्ट्री में रखे बारूद में तेज धमाका हुआ। वहां पटाखा बनाने या बम बनाने की कोई फैक्ट्री थी। बताया जा रहा है कि बिजली का खंभा वहां गिरा। चिंगारी से पूरा ब्लास्ट हुआ है। उसने पूरी बस्ती और हमारे बच्चे लोग का नाश कर दिया है। हादसे में 8 बच्चों समेत 11 की गई जान मृतकों में मंजीत कुमार के दो बच्चे प्रियांजलि और प्रवीन सिंह शामिल हैं। वहीं, गया प्रसाद के तीन बच्चे जाह्नवी, आदित्य और रवि की भी मौत हुई है। गया प्रसाद की पत्नी अनीता (38) घायल हैं। उन्होंने मामले में फैक्ट्री मालिक के खिलाफ FIR लिखाई है। कहा- हादसे में मेरा पूरा परिवार खत्म हो गया। इसी तरह, रेलकर्मी विक्रम खाना खाने घर आए थे। घटना में विक्रम, पत्नी अंजू, बेटी अंशू और बेटा नन्हा की जान चली गई। सबसे बड़ी बेटी संजना किराना की दुकान पर कुछ सामान लेने गई थी। इसलिए वह बच गई।
6 लोगों पर FIR, 4 टीमें गिरफ्तारी में लगीं कमिश्नर एम. लोकेश ने बताया- फिलहाल पूरा ध्यान रेस्क्यू ऑपरेशन पर था। आवासीय क्षेत्र में पटाखा फैक्ट्री कैसे चल रही थी, इसकी जांच कराई जाएगी। डीएम अमित पाल शर्मा ने बताया कि जिसकी भी लापरवाही सामने आएगी, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। कौशांबी SP सत्यनारायण प्रजापति ने बताया कि इस मामले में 6 लोगों के खिलाफ FIR लिखी गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 4 टीमें बनाई गई हैं। यह फैक्ट्री अवैध तरीके से चल रही थी। इसका लाइसेंस 2 साल पहले ही रद्द किया जा चुका है। —————————- यह खबर भी पढ़ें… प्रयागराज एयरफोर्स स्टेशन के पास पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट, 11 की मौत, इनमें 8 बच्चे यूपी में सोमवार को प्रयागराज और कौशांबी बॉर्डर पर एक पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट हो गया। इस हादसे में 8 बच्चों समेत 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि 5 झुलस गए। पुलिस के मुताबिक, विस्फोट इतना भीषण था कि पूरी फैक्ट्री जमींदोज हो गई। 100 मीटर के दायरे में बने 8 मकान क्षतिग्रस्त हो गए। इनमें से 3 ढह गए। हादसा सोमवार दोपहर साढ़े 12 बजे कौशांबी जिले के मोहम्मदपुर गांव में हुआ। यह गांव प्रयागराज बॉर्डर पर है। यहां से मनौरी स्थित एयरफोर्स स्टेशन 2 किमी है। पढ़ें पूरी खबर…
