मेरठ-संभल में घरों में घुसा पानी, मुजफ्फरनगर में सड़कें तालाब:डीएम-एसपी घुटनों तक पानी में चले; 10 शहरों में बारिश, 46 में अलर्ट

0
मेरठ-संभल में घरों में घुसा पानी, मुजफ्फरनगर में सड़कें तालाब:डीएम-एसपी घुटनों तक पानी में चले; 10 शहरों में बारिश, 46 में अलर्ट

यूपी में मानसूनी बारिश का सिलसिला जारी है। मंगलवार सुबह वाराणसी, लखनऊ, मेरठ और संभल समेत 8 शहरों में बारिश हुई। मेरठ और संभल में इतनी बारिश हुई कि गलियां और कॉलोनियां तालाब बन गईं। घरों-दुकानों में एक-एक फीट तक पानी भर गया। मुजफ्फरनगर में बारिश से सड़कों पर घुटनों तक पानी भर गया। DM उमेश मिश्रा और SP संजय कुमार वर्मा फील्ड पर उतरे। दोनों घुटनों तक भरे पानी में पैदल चले। लखनऊ और आसपास के इलाकों में सुबह-सुबह 2 घंटे तक बूंदाबांदी हुई। नोएडा, गाजियाबाद और सहारनपुर समेत पश्चिमी यूपी के ज्यादातर जिलों में बादल छाए हैं। आज 46 जिलों में बारिश का अलर्ट है। आगरा में भारी बारिश होने की संभावना है। उधर, पहाड़ों पर हो रही जोरदार बारिश से यूपी में नदियां उफान पर हैं। वाराणसी में घाटों की सीढ़ियां डूब गई हैं। सभी 84 घाटों को आपस में जोड़ने वाले रास्ते जलमग्न हो गए हैं। काशी विश्वनाथ मंदिर के 6 द्वारों में से मुख्य द्वार काशी विश्वनाथ मंदिर घाट (गंगा द्वार) को बंद कर दिया गया है। मथुरा में यमुना नदी का पानी घाटों की सीढ़ियों तक पहुंच गया है। वृंदावन में केशीघाट का परिक्रमा मार्ग जलमग्न हो गया है। बिजनौर और फर्रुखाबाद बाढ़ की चपेट में हैं। गंगा नदी का पानी हाईवे के ऊपर बह रहा है। आसपास की कई सड़कें डूब गई हैं। गांवों में नावें चल रही हैं। सहारनपुर में भारी बारिश की वजह से गंगराव नदी और शाकंभरी मंदिर के पास की बरसाती नदी में सैलाब आ गया। मंदिर के प्रवेश द्वार पर दो फीट तक पानी भर गया। तेज बहाव में मिर्जापुर क्षेत्र का रपटा पुल क्षतिग्रस्त हो गया। नदी का पानी दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे के ऊपर से बहने लगा। बारिश और बाढ़ की तस्वीरें देखिए… लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- उत्तरी मध्य प्रदेश में हवा का दबाव कम हो गया है। जब कहीं हवा का दबाव कम होता है, तो वह आसपास के बादलों और नमी को अपनी तरफ खींचने लगता है। इसी वजह से मानसूनी सिस्टम राजस्थान के बीकानेर से शुरू होकर मध्य प्रदेश, झारखंड और बंगाल होते हुए बंगाल की खाड़ी तक खिसक गया है। हिमाचल प्रदेश के पास भी बादलों का एक बड़ा घेरा घूम रहा है। इन दोनों मौसमी सिस्टमों के एक साथ एक्टिव होने की वजह से ही पिछले 24 घंटों में यूपी के पश्चिमी और दक्षिणी इलाकों में अच्छी-खासी बारिश देखने को मिली है। आज कहां-कहां बारिश की संभावना, देखिए यूपी में अगले 3 दिन कैसा रहेगा मौसम? यूपी में मौसम के पल-पल के अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *